परगना (प.बंगाल) : कई बार चौंकाने वाले ऐसे मामले आते है, जिन पर एकबारगी विश्वास नहीं होता, आमतौर पर ऐसे मामले मुसीबत वाले ही होते है, ऐसे ही एक मामले में पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में 36 साल की कश्मीरा शेख अपने LPG सिलेंडर की सब्सिडी का स्टेटस जानने के लिए पंजाब नेशनल बैंक की कुलताली जमतला ब्रांच गई हुई थीं, लेकिन वह खाते में लगभग 100 करोड़ की जमा रकम देखकर हैरान रह गईं। बताया गया है कि कश्मीरा शेख एक साधारण परिवार से हैं और एस्बेस्टस की छत वाले घर में अपने परिवार के साथ रहती हैं। कश्मीरा शौहर बैग सिलने का काम करते हैं, जबकि कश्मीरा परिवार की आर्थिक मदद के लिए जरी की कढ़ाई का काम करती हैं, उनके तीन बच्चे हैं, बड़ी मुश्किल से गुजरा चलता है।
कश्मीरा के मुताबिक, उन्होंने LPG सिलेंडर बुक किया था और यह पता करने के लिए बैंक गई थीं कि सरकारी सब्सिडी उनके खाते में आई है या नहीं, लेकिन जब बैंक अधिकारी ने हाल के ट्रांजैक्शन की जानकारी दी, तो पता चला कि अकाउंट में लगभग 100 करोड़ रूपये थे। हालांकि, उनकी मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं, उन्हें जल्द ही पता चला कि उनका बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है, इस मामले में कश्मीरा का कहना है कि उन्हें बिल्कुल नहीं पता है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसने भेजी? इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि अकाउंट फ्रीज होने के कारण परिवार रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पैसे नहीं निकाल पा रहा है, उनके लिये इससे बड़ी मुसीबत बढ़ गई है, उनके पास कोई दूसरा बैंक खाता भी नहीं है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई :
कश्मीरा और उनके पति ने इस मामले में कुलताली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसको लेकर कश्मीरा का कहना है कि वे एक गरीब परिवार से हैं और कड़ी मेहनत करके गुजारा करते हैं। इतनी बड़ी रकम के अचानक आने और उसके बाद अकाउंट फ्रीज होने से परिवार डरा हुआ है। इसके साथ ही कश्मीरा के मुताबिक, उन्होंने बैंक मैनेजर से भी जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें कोई साफ जवाब नहीं मिला।बंगाल में ऐसे और भी मामले सामने आये हैं, जिससे गरीब परिवारों के लिये मुसीबतें बढ़ गई है।
इससे पहले भी कई लोगों के अकाउंट में जमा हो चुका है पैसा :
गौरतलब है कि कश्मीरा अकेली ऐसी अकाउंट होल्डर नहीं हैं जिनके बैंक अकाउंट में अचानक करोड़ों रुपये की संदिग्ध रकम क्रेडिट हुई है। हालांकि, शुरुआत में शक है कि इसकी वजह कोई सर्वर या तकनीकी खराबी हो सकती है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खबरों के मुताबिक, कोलकाता के बेलेघाटा क्षेत्र में क्लाउड किचन चलाने वाली नूपुर गुप्ता के अकाउंट में भी 47 करोड़ की एक ऐसी रकम जमा हुई, जिसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद पुलिस बैंक और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मामले की जांच शुरू की। ऐसे ही कई मामले लगातार सामने आ रहे है, जिससे लोगों की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही है, आमतौर पर ये रकम धोखाधड़ी से सम्बंधित मानी जा रही है।



