रायपुर : मौसम में बारिश की रुकावट के बाद भीषण गर्मी शुरू हो गई है, तो वहीं अब फिर से छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के लगभग 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि औसत समुद्र तल पर मॉनसून द्रोणिका बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर मणिपुर की ओर पूर्व दिशा में बढ़ रही है और औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊँचाई तक फैली हुई है। इनके प्रभाव से 4 अगस्त को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
वहीँ बारिश को लेकर आपको बता दें कि येलो अलर्ट में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बेमेतरा, बलौदाबाजार और राजनांदगांव सहित कई जिले शामिल हैं। वहीं बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर जिलों में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है।
इसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों तथा सुरक्षित स्थान पर ही रहें। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नागरिकों से मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीँ कई क्षेत्रों के जलमग्न होने की भी उम्मीद है।



