3 महीने पहले ही फरहान और उजमा का हुआ था निकाह, फिर ऐसा क्या हुआ की फरहान ने अपनी पत्नी उज्मा की हत्या कर दी।

आगरा (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश के आगरा में निकाह के महज तीन महीने बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, मामले की वजह चौंकाने वाली है, घटना के अनुसार ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा में बंद पड़े मकान से मंगलवार सुबह उजमा का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, इस घटना की सूचना मिलने पर अपनी कार्यवाही शुरू की, जिसके बाद पुलिस ने मामले में फरार चल रहे पति फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में फरहान ने हत्या की वजह को लेकर कई दावे किए हैं, उसका कहना है कि पत्नी मोबाईल फोन उसे नहीं दिखाती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ब्लेड भी बरामद किया है।

20 अप्रैल को हुआ था निकाह :

वहीँ पुलिस के मुताबिक, झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरो खिड़की मोहल्ले की रहने वाली उजमा का निकाह इसी साल 20 अप्रैल को आगरा के ताजगंज निवासी फरहान के साथ हुआ था, जिसके बाद विवाद होने पर शादी के करीब तीन महीने बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद फरहान मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया था। मंगलवार सुबह बंद मकान से उजमा का शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जिसके बाद मृतका के मायके वालों की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा दर्ज किया गया है।

मोबाईल को लेकर होता था विवाद :

इसके साथ ही पुलिस की पूछताछ में फरहान ने दावा किया है कि उजमा उसे अपना मोबाईल फोन नहीं छूने देती थी। आरोपी के मुताबिक, वह कई बार पत्नी का मोबाईल देखने की कोशिश करता था, लेकिन इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो जाता था। इसके साथ ही फरहान ने यह भी बताया कि निकाह के समय दोनों के बीच एक-दूसरे के बच्चों की जिम्मेदारी उठाने को लेकर सहमति बनी थी। जिसको लेकर उसका आरोप है कि बाद में उजमा इस बात से पीछे हट गई। फरहान के अनुसार, उजमा अपने बच्चों को मायके में छोड़कर आई थी, लेकिन जब वह बच्चों को अपने साथ लेकर आया तो पत्नी उनके लिए खाना नहीं बनाती थी। इसी वजह से घर में आए दिन विवाद होता था, जो लगातार बढ़ता ही गया।

खाना नहीं बनाने पर गुस्सा :

फरहान ने पुलिस को बताया है कि घटना वाले दिन भी उजमा ने खाना नहीं बनाया था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से बाहर निकल रहा था। आरोपी के अनुसार, तभी उजमा ने उसे खींच लिया और वह सीढ़ियों से गिर गया। इसके बाद गुस्से में उसने कथित तौर पर पत्थर से पत्नी के सिर पर हमला किया और फिर ब्लेड से उसका गला काट दिया। इस हत्या के बाद मकान पर ताला लगाकर वह कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां सामने मिली ट्रेन में बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद कर लिया है, अब इस मामले में पुलिस आगे की कार्यवाही भी कर रही है।