बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में इंसानियत को झकझोर देने वाला एक हादसा सामने आया है, यहाँ गौवंशो की दर्दनाक मौत हो गई है। दरअसल, तेज रफ्तार और लापरवाही का ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने एक साथ कई बेजुबान गौवंशों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है और आक्रोशित गौसेवक अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के रतनपुर रोड स्थित गतौरी के पास देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि, 10 गौवंश इसकी चपेट में आ गये। इनमें से 9 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और गौसेवक मौके पर पहुंचे। घायल बछड़े को तत्काल छतौना स्थित गौ सेवा धाम पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस की टीम :
इस दर्दनाक हादसे के बाद गौसेवकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि, अज्ञात वाहन चालक की जल्द से जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। वहीँ आपको बता दें कि सड़कों पर बैठे कई गौवंश रोजाना सड़क हादसों का शिकार होते है, आये दिन ऐसे मामले काफी तकलीफ़देह होते है।



