18 किलो से ज्यादा गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

पेंड्रा : नशे के सौदागर लगातार गिरफ्त में आ रहे है और लगातार इनके पास से नशे का सामान बड़ी मात्रा में पकड़ा रहा है। ऐसे ही एक मामले में छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम बचरवार में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 18 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज :

पुलिस ने बताया है कि कार्यवाही के दौरान सोनू राठौर को गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। राज्य में लगातार भारी मात्रा में नशे का सामान पकड़ा रहा है, जो काफी चिंताजनक है।