रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में तालाब किनारे मिले युवक के शव से क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना गया था, जिसकी गुत्थी पुलिस ने महज दो दिनों में सुलझाकर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस अंधे कत्ल के पीछे कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ही निकली है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में पति की हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि वह रोज शराब पीकर मारपीट और विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
ओडिशा का रहने वाला था मृतक :
पुलिस ने बताया है कि, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30) पिता जलसिंग सिदार, निवासी ग्राम तोरला, पोस्ट शक्ति, थाना झरबन, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह पिछले छह माह से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदारी का कार्य कर रहा था। मंगलवार को तालाब किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव मिलने के बाद अभनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी तिजिया सिदार (26) को हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में पत्नी ने खोला राज :
पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया है कि, पति की रोजाना शराब के नशे में मारपीट और झगड़े से परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर दी। अभनपुर पुलिस की त्वरित कार्यवाही से अंधे कत्ल की यह गुत्थी महज दो दिनों में सुलझ गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। हत्या का आरोपी पत्नी के निकलने पर लोगों ने हैरानी जताई है।



