रायपुर : राजधानी में युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने लाश को पाइप में छिपाने वाले लड़कों की पहचान कर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जानकारी सामने आई है कि एक आरोपी की बहन के खिलाफ मृतक ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे नाराज होकर युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अपने ही एक साथी की हत्या करने योजना बनाकर उसकी हत्या की थी। हत्या के आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है, वहीँ अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
डीसीपी नार्थ दीपमाला कश्यप ने हत्या के प्रकरण का खुलासा करते हुए बताया है कि, पवन टंडन की हत्या के आरोप में उसके ही दोस्त सूरज यादव, प्रकाश यादव, समीर खान को गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों आरोपियों ने मिलकर पवन को गुरुवार देर रात रावांभाठा, बंजारी नगर स्थित सूखा मैदान के पास ले जाकर अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई थी। इसके बाद उसके साथ के लड़कों ने विवाद किया। इस दौरान समीर ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर जोरदार वार कर उसे बेहोश कर दिया।
हत्या करने के बाद सिर कुचला :
वार होने के बाद पवन बेहोश होकर जमीन पर गिर गया था। इसके बाद सूरज ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद प्रकाश ने पास पड़े सीमेंट कंक्रीट के टुकड़े से उसके चेहरे पर दो से तीन बार वार कर चेहरा विकृत किया गया। इसके बाद उन्होंने लाश को तीन सौ मीटर दूर घसीटते हुए ले जाकर नाले के पाइप में 12 फीट अंदर डालकर मौके से फरार हो गये थे। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को पाइप के अंदर से मृतक की लाश बरामद की थी। पवन के परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी हुई थी।



