दुर्ग/भिलाई : भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में देह व्यापार संचालित किए जाने का खुलासा हुआ है। मुखबीर की सूचना पर रविवार को स्मृतिनगर पुलिस ने सेंटर पर दबिश देकर मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि जुनवानी के स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार चल रहा था। जिसके बाद पुलिस ने ली वेलनेस स्पा सेंटर में दबिश देकर मैनेजर, महिला दलाल और ग्राहकों समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने 19 मोबाईल फोन, नगदी और अन्य सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा :
वहीं इस मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित स्पा सेंटर में मसाज और वेलनेस सर्विस की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की तस्दीक के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर कई लोग मिले। जांच आगे बढ़ने पर स्पा सेंटर के संचालन से जुड़ी कथित गतिविधियों की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मौके से 9 लोगों को हिरासत में लिया। डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि सूचना मिली थी कि जुनवानी के ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने की गतिविधि के साक्ष्य मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका सामने आई :
पुलिस के अनुसार, सेंटर का मैनेजर तनय सोनी ग्राहकों से पैसे लेने और महिलाओं को उपलब्ध कराने की गतिविधि में कथित तौर पर शामिल था। वहीं हेमा सिंह उर्फ प्रीत पर महिला दलाल के रूप में भूमिका निभाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि ग्राहकों से संपर्क कराने और महिलाओं को बुलाने के लिए महिला दलाल के माध्यम से व्यवस्था की जाती थी। पूरे मामले में मैनेजर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
19 मोबाईल और नगदी जब्त :
पुलिस ने कार्यवाही के दौरान 19 मोबाईल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा मौके से 1,900 रुपये नगद, कुछ दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके जरिए सेंटर से जुड़े अन्य लोगों और कथित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्यवाही में पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पांडेय (24) को गिरफ्तार किया गया है।
अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत कार्यवाही :
स्मृतिनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्यवाही की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्पा सेंटर में कथित गतिविधियां कितने समय से चल रही थीं और इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। जब्त मोबाइल और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।



