बरेली (उ.प्र.) : अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम-प्रसंग के मामलों ने पतियों के लिये खौफ पैदा कर दिया है और आये दिन उनकी हत्या के मामले सामने आ रहे है, ऐसे ही उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला पर अपने पति को तेजाब पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में आरोप है कि महिला ने यह कदम अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उठाया। बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले पति ने पत्नी को मकान मालिक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, इसके बाद घर में विवाद बढ़ गया और मामला गर्माने लगा, वहीँ इलाज के दौरान पति की मौत हो गई, जिसको लेकर पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
13 साल पहले हुई थी शादी :
यह मामला बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा का बताया जा रहा है, यहां रहने वाले इसराइल की शादी करीब 13 साल पहले गौसिया से हुई थी। परिवार के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों के बीच सब ठीक रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद परिवार में संपत्ति का बंटवारा हुआ और इसराइल को भी हिस्सा मिला। जिसके कुछ समय बाद वह घर छोड़कर किराए के मकान में रहने लगा था। वहीँ इस मामले में परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम के बीच कथित संबंधों की जानकारी हुई थी, जिसको लेकर आरोप है कि एक दिन इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। परिवार के अनुसार, इस घटना के बाद उसने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन परिजनों ने उसे बचा लिया था, इस घटना के बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया।
ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पिलाया तेजाब?
इस घटना में मृतक की मां बारिशा ने आरोप लगाया है कि बेटे द्वारा पत्नी और सलीम को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद परिवार की बदनामी होने लगी थी, वे लोग हर समय शर्मिंदगी झेलते थे। उनका आरोप है कि इसी वजह से गौसिया ने सलीम के साथ मिलकर इसराइल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। परिवार का दावा है कि दोनों ने मिलकर उसे तेजाब पिला दिया, जिसके बाद हालत बिगड़ने पर इसराइल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मौत से पहले अस्पताल में इसराइल का बयान भी दर्ज किया गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच :
सीओ आशुतोष शिवम के मुताबिक, अस्पताल से पुलिस को एक मेमो मिला था, जिसमें चक महमूद, बारादरी निवासी इसराइल की तेजाब पीने से मौत की जानकारी दी गई। मृतक की पत्नी पर उसके कथित ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है, जिसके आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी, वहीँ इस घटना से इसराइल के परिजन काफी गमगीन है।



