18 हजार नग की नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट के साथ विशाल जसवानी और निखिल सिंहानी गिरफ्तार।

दुर्ग/भिलाई : बाज़ार में आप किसी भी प्रकार का उत्पाद ले रहे हों, मानकर चलिये वो आमतौर पर नकली ही निकलेगा, ज्यादा लाभ कमाने के चलते और व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण बाज़ार में नकली माल की बाढ़ सी आ गई है, ऐसे में असली उत्पाद मिलना मुश्किल काम है। ऐसे ही एक मामले में जानकारी सामने आई है जहाँ इंदिरा मार्केट दुर्ग स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में आइटीसी लिमिटेड के गोल्ड प्लेक प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने का मामला खुला है। यहाँ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 18 हजार नकली सिगरेट बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 2.07 लाख रुपये बताई गई है।

इस मामले में पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 11 अगस्त को आईटीसी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। वह प्राइवेट आइ इंटेलेक्चुअल प्रापटी राइट साल्यूशंस में फील्ड आफिसर के रूप में कार्यरत हैं और कंपनी के नकली उत्पादों के खिलाफ कार्यवाही के लिए अधिकृत हैं। उन्हें सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित एसएसडी ट्रेडर्स में गोल्ड फ्लेक प्रीमियम के नाम और पैकेजिंग से मिलते-जुलते नकली सिगरेट उत्पाद बेचे जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाये गये।

इस मामले में पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस एवं धारा 63 कापीराइट अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी विशाल जसवानी (36) निवासी गुरूनानक नगर दुर्ग और निखिल सिहानी (29), निवासी सदानी नगर दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गोल्ड फ्लेक प्रीमियम नाम से 24 बंडलों में 12 हजार सिगरेट और 12 बंडलों में छह हजार सिगरेट बरामद कीं। दोनों प्रकार की सिगरेट की कुल कीमत क्रमशः 1.38 लाख और 69 हजार रुपये है।

पैकेटों पर 115 रुपये एमआरपी और एक ही क्यू आर नंबर अंकित पाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी निजी आर्थिक लाभ के लिए असली उत्पाद जैसी पैकेजिंग और ब्रांड पहचान वाले नकली उत्पाद बेच रहे थे। उनके द्वारा माल कहाँ – कहाँ खपाया गया है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है, यही दोनों इस कार्य को कर रहे थे अथवा इनके साथ अन्य लोग भी शामिल थे, इसकी पतासाजी की जा रही है।