धमतरी : मुंबई से बस्तर तक जा रही महिला बाईक राइडर्स ग्रुप के सफर में बड़ा हादसा हो गया है। धमतरी जिले के मरकाटोला के पास राइडर रिद्धि ठक्कर (24 साल) हादसे का शिकार हो गई, यहाँ ट्रेलर से टकराने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, 23 महिला राइडर्स का समूह महाराष्ट्र के मुंबई से बस्तर की ओर निकला था, इसी दौरान ग्रुप में शामिल महिला राइडर रिद्धि की बाइक धमतरी के मरकाटोला में ट्रेलर से जा टकराई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
सामने आई जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ बाइक राइड पर निकली 23 युवतियों के समूह में शामिल 24 वर्षीय राइडर रिद्धि ठक्कर की जगतरा घाटी में सड़क हादसे में मौत हो गई है। इस घटना के बारे में बताया गया है कि समूह में करीब 20 बाइक और एक कार शामिल थी। सभी रायपुर से बस्तर क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जगतरा घाटी के पास रिद्धि ठक्कर हादसे का शिकार हो गईं।
रिद्धि ठक्कर मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थीं और बाइक राईडिंग की शौकीन थीं। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य बाइक राईडर्स ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के कुछ घंटे पहले ही रिद्धि ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा कर ‘Let’s Explore Bastar’ लिखा था।
महापौर ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी :
इस घटना की सूचना मिलने पर धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन से सूचना मिली थी कि मुंबई के कांदिवली वेस्ट निवासी रिद्धि ठक्कर का एक्सीडेंट हुआ है और मदद की जरूरत है, जिसके बाद वो पहुंचे। महापौर के अनुसार घायल युवती को अस्पताल लाया गया था, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया है कि युवती किसी ट्रेलर के पहिए की चपेट में आई थीं। दूसरे राज्य की निवासी होने के कारण परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस :
घटना के बाद मृतका का शव जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। जगतरा घाटी के घुमावदार मार्ग पर हुए हादसे ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आये दिन होने वाले सड़क हादसों ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी है।



