ब्रांडेड कंपनियों का नकली ऑयल जब्त, आरोपी दिनेश रजक पुलिस की गिरफ्त में, सामने आई ये जानकारी….।

भाटापारा : ज्यादा लाभ कमाने के चक्कर में लगातार नकली माल बेचा जा रहा है, हर व्यापारिक क्षेत्र में नकली माल की भरमार है, ऐसे ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नकली और अमानक उत्पादों की बिक्री पर नकेल कसते हुए ग्रामीण थाना पुलिस ने ग्राम अर्जुनी में छापमार कार्यवाही को अंजाम दिया हैं। मामले में कार्यवाही करते हुये पुलिस ने जय जगन्नाथ यूरिया पानी एवं ग्रिसिंग सेंटर से नामी गिरामी कंपनियों-टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल के नाम से तैयार किए गए नकली मोबिल ऑयल के भंडारण और बिक्री का खुलासा किया है। जिसके बाद मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कुल 246 सीलबंद डिब्बे जब्त किये हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4 लाख 30 हजार 500 रूपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक क़ानूनी कार्यवाही करने की जानकारी दी है।

जांच में मिले पुख्ता सबूत :

इस कार्यवाही में मिली जानकारी के अनुसार 11 अगस्त को कम्पनी के अधिकृत प्रतिनिधि शनि घोष ने भाटापारा ग्रामीण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में ग्राम अर्जुनी स्थित जय जगन्नाथ यूरिया पानी एवं ग्रिसिंग सेंटर में कंपनी के टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल ब्रांड के नकली उत्पाद बेचे जाने की सूचना दी गई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाये गये और कार्यवाही की गई। 

आरोपी गिरफ्तार :

प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध क्रमांक 451/2026 दर्ज कर कॉपीराइट एक्ट की धारा 63, 65, ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 104 तथा बीएनएस की धारा 318(4), 347, 349, 350(2) के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी दिनेश रजक पिता अशोक रजक निवासी ग्राम मुढीपार (रवान), थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड के 20 लीटर वाले 149 सीलबंद डिब्बे और गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट डेफ के 20 लीटर वाले 97 सीलबंद डिब्बे जब्त किए। दोनों उत्पादों को मिलाकर कुल 246 डिब्बे जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 4 लाख 30 हजार 500 रूपए बताई जा रही है। 

ब्रांड की पैकेजिंग से मिलते-जुलते थे उत्पाद :

इस मामले में पुलिस ने बताया है कि, आरोपी निजी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से कंपनी के ब्रांड नाम, पैकेजिंग और पहचान से मिलते-जुलते नकली उत्पादों की बिक्री कर रहा था। इससे ग्राहकों में वास्तविक उत्पाद को लेकर भ्रम पैदा होने के साथ ही कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने की स्थिति बन रही थी। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले में आरोपी की गिरफ्तार किया। नकली उत्पादों की जब्ती और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी की है। प्रकरण की विवेचना एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही जारी है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि, किसी भी ब्रांड के नकली या संदिग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।