कबीरधाम : जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र से स्कूल जाने के लिए घर से निकली नाबालिग छात्रा के लापता होने की जानकारी सामने आई, जिसके मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उसे महाराष्ट्र से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने छात्रा को बहला-फुसलाकर महाराष्ट्र ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, इस तरह पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्यवाही की।
स्कूल के लिए निकली थी छात्रा, शाम तक नहीं लौटी :
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को छात्रा के परिजनों ने कुण्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं और पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन की गई।
महाराष्ट्र में मिली छात्रा :
इस मामले में थाना प्रभारी कुण्डा अमित कश्यप ने बताया है कि विवेचना के दौरान छात्रा के महाराष्ट्र में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने महाराष्ट्र में लगातार तलाश की। टीम ने नवी मुंबई के एरौली गांव स्थित जरीमारी अपार्टमेंट, जरीमारी मंदिर के पास से छात्रा को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, छात्रा आरोपी राज मिश्रा के कब्जे में मिली। इसके बाद पीड़िता का महिला नोडल अधिकारी के समक्ष बयान कराया गया। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने अपने बयान में बताया है कि आरोपी उसे तखतपुर बुलाकर वहां से बिलासपुर रेलवे स्टेशन ले गया। इसके बाद ट्रेन से कल्याण, महाराष्ट्र होते हुए वह उसे मुंबई स्थित किराए के मकान में ले गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाये गये और उसे काफी प्रताड़ित किया।
बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बढ़ीं धारायें :
पुलिस ने छात्रा का विधिवत मेडिकल परीक्षण कराया। विवेचना में सामने आए तथ्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर 12 अगस्त को मामले में बीएनएस की धारा 64(2)(M), 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई। आरोपी की पहचान राज मिश्रा पुत्र उमाशंकर मिश्रा (20) निवासी ग्राम गौसापुर, थाना मल्लावां, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी एरौली सेक्टर-19, थाना रव्वाली, जिला ठाणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। घटना के समय उसके द्वारा पहने गए नीले रंग के निकर को भी पुलिस ने जब्त किया है। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। 13 अगस्त को दोपहर 2:10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दी गई।
25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजा :
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। विवेचना जारी होने और शेष साक्ष्य जुटाने के लिए समय की आवश्यकता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 25 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्यवाही जारी रहेगी।



