लिफ्ट मांगना पड़ा भारी, बदमाश युवकों ने मार दिया चाकू, हुई मौत।

दुर्ग/भिलाई : कई बार मजबूरी या जरूरत पड़ने पर लोग मदद मांगते है, लेकिन आज के समय में जिससे मदद मांगी जाये तो क्या पता वह कोई आपराधिक व्यक्ति निकल जाये, और मुसीबत खड़ी हो जाये, सामने आये मामले के अनुसार, नेहरू नगर चौक पर शनिवार 29 अगस्त देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक शिव कुमार सिंह की रविवार 30 अगस्त सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया मृतक कैंप-1 क्षेत्र का रहने वाला था और चिचोला जाने के लिए नेहरू नगर चौक पर रुका हुआ था।

लिफ्ट लेने की कोशिश के दौरान हुआ विवाद :

शिव कुमार अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि वह ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहा था। ट्रक नहीं रुकने पर उसने स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार युवकों में से एक ने शिव कुमार के बाएं पैर में जांघ के ऊपर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार युवक-युवती नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर होते हुए टाउनशिप की तरफ फरार हो गये।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत :

इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घायल शिव कुमार को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार ने दम तोड़ दिया। इस घटना के दौरान शिव कुमार के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका। ऐसे में पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है, पुलिस उनकी पतासाजी कर रही है। इसके साथ ही सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।