बुलंदशहर (उ.प्र.) : प्यार में से काम वासना निकाल दी जाये तो प्यार करने वाले कम हो जायेंगे, वैसे ही लोग कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन जब वही प्यार हवस, बेवफाई और लालच के दलदल में गिर जाए तो रिश्तों का कत्ल भी कर देता है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पवित्र रिश्तों को तार-तार कर दिया है। यहां एक पत्नी काजल ने अपने ही सगे देवर उमेश के साथ मिलकर अवैध संबंधों की राह में रोड़ा बन रहे बेकसूर पति सुमित को बड़ी ही बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया है, इस घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है, वहीँ जिस प्यार के लिये यह खौफनाक कदम उठाया गया, वही अब जेल की हवा खाने जायेगा।
इतना ही नहीं आरोपी पत्नी और देवर ने मिलकर इस हत्या को आत्महत्या साबित करने की भी कोशिश की, लेकिन कानून के लंबे हाथों से ये कातिल जोड़ी बच नहीं सकी और एक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्डिंग ने इस खूनी साजिश का सच बेनकाब कर दिया है।
पुलिस को सुनाई गई सुसाइड वाली झूठी कहानी :
यह मामला बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भैंसौली का है, जहाँ 31 अगस्त को पुलिस की डायल 112 को सूचना मिलती है कि सुमित नाम के एक युवक ने अपने ही घर में जान दे दी और मौके पर जब पहुंची पुलिस ने सुमित की बॉडी को देखा तो पहली ही नजर में कुछ अजीब सा लगा, बताया गया है कि इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन सुमित की पत्नी काजल और उसके सगे भाई उमेश की आंखों में छिपा सन्नाटा पुलिस की नजरों से बच न सका।
एक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला परफेक्ट मर्डर का राज :
शातिर कातिलों ने सुमित का गला दबाने के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की असफल कोशिश की, वहीँ पुलिस ने शक के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जब रिपोर्ट आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए, रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी नहीं बल्कि स्ट्रैंगुलेशन यानी गला घोंटकर की गई हत्या आई। बस फिर क्या था पुलिस समझ गई कि यह खुदकुशी नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया शांतिपूर्वक अँधा हत्याकांड है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, परत-दर-परत एक गंदी और खौफनाक कहानी सामने आती गई। करीब 3 साल पहले सुमित की शादी काजल से हुई थी और दोनों का 2 साल का एक मासूम बच्चा भी है, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही काजल और उसके सगे देवर उमेश के बीच अवैध संबंध बन गए।
दोनों के सिर पर इश्क और हवस का भूत इस कदर सवार था कि वे किसी भी कीमत पर एक-दूसरे को खोना नहीं चाहते थे। इसके साथ ही उनकी गंदी नजर सुमित के नाम मौजूद पुश्तैनी मकान और खेती की जमीन (जायदाद) पर भी टिक गई थी। दोनों ने सोचा कि अगर सुमित रास्ते से हट जाए तो दोनों हमेशा के लिए एक हो जाएंगे और पूरी संपत्ति पर भी उनका एकछत्र राज हो जायेगा, इसी सोच को लेकर उन्होंने इस घिनौने काण्ड को अंजाम दिया।
पुलिस पूछताछ में टूटा देवर-भाभी का गुरूर :
31 अगस्त को जब घर पर कोई नहीं था तब काजल और उमेश ने मौका पाकर सुमित को दबोच लिया और बेरहमी से उसका गला घोंट दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई, इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। पुलिस ने जब संदिग्धों के अलग-अलग बयान दर्ज किये गये तो दोनों की बातों में विरोधाभास दिखा। इसी बीच पुलिस के हाथ कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स भी लगीं जिसने पुलिस के शक पर पक्की मुहर लगा दी। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो देवर और भाभी का सारा गुरूर टूट गया और उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक सुमित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्यारिन पत्नी काजल और साजिशकर्ता देवर उमेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। रिश्तों का कत्ल करने वाली इस खूनी जोड़ी की करतूत से पूरा इलाका सन्न है। इस घटना से परिवार वालों को गहरा सदमा लगा है।



