भाठागांव से टाटीबंध जा रही बस से टकराया टैंकर, सामने आई ये….।

रायपुर : राजधानी रायपुर हादसों का शहर बनता जा रहा है, रोजाना की दुर्घटनाओं ने लोगों को डर के साय में जीने को मजबूर कर दिया है, ऐसे आज फिर राजधानी के रिंग रोड पर गुरुवार सुबह यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर की टक्कर के बाद बस बेकाबू होकर सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। हादसे के समय बस में 7 लोग सवार थे। किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि बस का अगला हिस्सा और बस स्टॉप का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया है। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की बताई गई है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। सुबह करीब 9 बजे ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंची, तभी टैंकर की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा टकराई। यह टक्कर इतनी तेज थी कि बस स्टॉप का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

बस में 7 लोग सवार थे, कोई जनहानि नहीं :

डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया है कि सुबह करीब 9 बजे टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में घुस गई थी। इस हादसे के समय बस में सिर्फ 7 लोग ही सवार थे। हालांकि घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही किसी के घायल होने की सूचना सामने आई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और टैंकर की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीँ इस घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया था।