राजनांदगांव : राजनांदगांव के छुरिया में वन रक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर युवती के साथ 4 साल तक शोषण करने का आरोप लगा है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले के अनुसार जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है, जो काफी चौंकाने वाला है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को वन रक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी दौरान उसने नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर पीड़िता का प्रवेश पत्र भी लिया। जिसको लेकर आरोप है कि आरोपी ने युवती के पिता से भी नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 43 हजार रुपये भी लिए थे।
घर बुलाकर जबरदस्ती संबंध बनाने का आरोप :
सामने आई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को फोन कर अपने घर पर बुलाया था। वहां उसने कथित तौर पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाये। इसके साथ ही पीड़िता का आरोप है कि घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर लगातार धमकी देकर युवती का शोषण करता रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की जाती थी और बदनाम करने की धमकी दी जाती थी, जिससे युवती हमेशा घबराई हुई रहती थी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार :
इस मामले की शिकायत मिलने के बाद छुरिया पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी मोहम्मद सफदर खान, निवासी वार्ड नंबर 04, सीताबर्डी पठानपारा, छुरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी 1 सितंबर 2026 को शाम 7:15 बजे की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जिसके बाद अब आरोपी जेल में है।



