शराब के नशे में चम्मन लाल साहू ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, सामने आई ये जानकारी….।

धमतरी : अधिकांश अपराधिक मामले और घटनायें नशे के कारण होती है, वहीँ राज्य में नशे की खपत भी चरम पर है, वहीँ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शराब पीने से मना करने पर एक पति आपा खो बैठा और उसने अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गया, और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाही कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत का है। 

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसमुडी निवासी  36 वर्षीय चम्मन लाल साहू 2 सितंबर की रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर उसका पत्नी किरण साहू से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई, और उसे ईलाज के लिये अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

घायल महिला को परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती :

बताया गया है कि घटना के बाद परिजनों ने उसे डायल-112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी रहने की जानकारी है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।  पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, मौका नक्शा तैयार करने और गवाहों के बयान लेने के साथ आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए है। वहीँ कार्यवाही करके आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।