फरीदाबाद (हरियाणा) : अब अपराध करने के मामलों में सिर्फ पुरुष ही आगे नहीं रहे बल्कि महिलायें भी काफी आगे बढ़ गई है, जो महिला कानून का लाभ उठाकर उसका दुरूपयोग भी करने लगी है, वहीँ सामने आये मामले के अनुसार हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुलिस ने जाल बिछाकर एक महिला को 1 लाख रुपये की रिश्वत और वसूली की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिला पर एक व्यक्ति को अपनी बातों में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने और पैसे ऐंठने का संगीन आरोप लगाया है। जिसके बाद अदालत में पेशी के बाद पुलिस ने महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मकान मालकिन के पति को बनाया निशाना :
इस मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भुड़ कॉलोनी निवासी पीड़ित महिला ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी महिला कुछ समय पहले उनके मकान में किराएदार के रूप में अपने परिवार संग रहती थी। इसी दौरान उसके पति को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और गुप्त रूप से उनके फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
इसके बाद आरोपी महिला आपत्तिजनक क्लिप्स को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार मोटी रकम मांगने लगी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पैसे न देने पर वह जबरन घर और दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज भी करती थी, जिससे परिवार पीड़ित रहता था।
रेस्टोरेंट में 2 लाख लेने पहुंची, 1 लाख लेते ही पुलिस ने दबोचा :
वहीँ लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़ित परिवार ने ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस की शरण ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने 3 सितंबर को पीड़ित को सेक्टर-28 के एक नामी रेस्टोरेंट में 2 लाख रुपये की रकम के साथ बुलाया था। इस मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रेस्टोरेंट के आसपास सादे कपड़ों में ट्रैप लगा दिया। जैसे ही पीड़िता के पति से आरोपी महिला ने 1 लाख रुपये की पहली किस्त पकड़ी, मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया और उसके पास से पूरी रकम बरामद कर ली।
अन्य पीड़ितों का भी पता लगा रही पुलिस :
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस अब इस बिंदु पर भी गहन जांच कर रही है कि क्या इस महिला ने शहर में हनीट्रैप के जरिए किसी अन्य व्यक्ति को भी अपना शिकार बनाकर वसूली की थी, उसके अन्य कितने शिकार थे, वहीँ आम आदमी महिला कानून के चलते और बदनामी के कारण डरा सहमा रहता है, ऐसे में पीड़ित को यह कार्यवाही राहत देने वाली है।



