मासूम बच्चे को डरा धमकाकर करवाई गहनों की चोरी, मामले में पति-पत्नी वंदना साहू और दीपक साहू गिरफ्तार।

रायपुर : मासूम बच्चों पर काफी ध्यान रखना पड़ता है, वहीँ बच्चा बड़ा भी हो जाये तो भी उसकी हर गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिये, वहीँ मोहल्ले में आपका बच्चा किसके साथ खेल रहा है? किसके साथ घूम रहा है और कहां जा रहा है? बच्चों की एक उम्र तक उनकी संगत और गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है। नहीं तो वह किसी बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं। ऐसे ही रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र से सामने आया यह मामला भी अभिभावकों के लिए एक बड़ी सीख है, जहां नाबालिग बच्चों को अपने झांसे में लेकर डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर सोने-चांदी के जेवर और पैसों की उगाही की जाती थी, जिसके बाद शिकायत मिलने पर इस मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। 

दबाव बनाकर सोने के जेवर और पैसे की उगाही :

इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 11 वर्षीय नाबालिग अपनी मामी के साथ रहती है. पास में ही वंदना साहू भी अपने पति दीपक साहू के साथ रहती है, जिन पर आरोप है कि वंदना और दीपक ने नाबालिग को डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर उसके घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात मंगवाये थे।

इस शिकायत में बताया गया है कि 2 सितंबर को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे लेकर वंदना साहू को दे दिया था, इसके साथ ई शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बच्ची पर दबाव बनाकर उससे नगदी रकम भी मंगवाई गई, इसी तरह मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी डराने-धमकाने और उनसे अवैध रूप से पैसे और जेवरात की उगाही करने की बात सामने आई है।

पति-पत्नी गिरफ्तार :

इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए शिकायत के आधार पर धारा 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है, नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय समेत अन्य अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए, इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वंदना साहू, दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए हैं।पूछताछ में पति-पत्नी ने अपराध करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।