132 लीटर अंग्रेजी शराब की तस्करी करते पकड़ाये प्रेम कुमार सिन्हा, उमेंद्र बघेल और रोहित देवांगन, कार सहित लाखों का सामान जब्त।

पखांजूर : राज्य में अवैध शराब की बिक्री काफी बढ़ गई है और नशे के सामानों की बिक्री भी काफी ज्यादा मात्रा में हो रही है, ऐसे में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘उजियारा’ अभियान के तहत कोरर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने कार से शराब परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 132.360 लीटर अंग्रेजी शराब, नकदी, तीन मोबाईल फोन और तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।

चिल्हाटी चौक पर घेराबंदी कर पकड़ा :

इस मामले में पुलिस ने बताया है कि, 5 और 6 सितंबर की दरमियानी रात अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद कोरर पुलिस ने चिल्हाटी चौक मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान CG 05 M 7788 नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 7 पेटी सिंबा एक्स्ट्रा स्ट्रांग बीयर, 8 पेटी जम्मू स्पेशल व्हिस्की और 1 पेटी इम्पीरियल ब्लू शराब बरामद हुई। शराब की कुल कीमत करीब 73 हजार 320 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 हजार रुपये नकद और करीब 1.20 लाख रुपये कीमत के तीन स्मार्टफोन भी जब्त किए हैं। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल कार की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, शराब, कार, नकदी और मोबाइल समेत कुल 5 लाख 18 हजार 320 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए :

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सिन्हा (28), उमेंद्र बघेल (27) और रोहित देवांगन (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।