रायपुर : नशे के कारोबारियों पर पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है, फिर भी रोजाना मामले सामने आ रहे है, अभी वर्तमान में सामने आया मामला काफी चौंकाने वाला है, जिसमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई है। जहाँ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम ने भखारा क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए दो संदिग्ध ट्रकों से लगभग 700 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस द्वारा इस मामले में चार तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर DRI ने बिछाया जाल :
इस कार्यवाही को लेकर बताया जा रहा है कि DRI को सूचना मिली थी कि दो ट्रकों के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने पुराने धमतरी रोड पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी दौरान आंध्र प्रदेश नंबर वाले दो संदिग्ध ट्रक टीम की नजर में आये। जिसके बाद अधिकारियों ने दोनों वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रकों में लदे लोहे के सामान के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत एक करोड़ रूपये से ज्यादा बताई गई है।
लोहे के बीच छिपाकर रखी थी गांजे की खेप :
मामले की जांच में सामने आया है कि तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए ट्रकों में ऊपर से लोहे का सामान लोड कर रखा था। इसी सामान के बीच गांजे को छिपाया गया था, ताकि सामान्य जांच में ट्रकों के अंदर रखी नशीली सामग्री का पता न चल सके। प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खेप आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि, गांजा कहां से खरीदा गया और महाराष्ट्र में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसकी जानकारी जुटाने के लिए DRI की पूछताछ जारी है। अब DRI ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से पूछताछ के साथ एजेंसी इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। वहीँ जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की सप्लाई के पीछे कौन लोग हैं और इसका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।



