राजधानी की ज्वेलरी दुकान में लाखों के गहने चोरी, आरोपी गिरफ्त में, इस तरह हुआ खुलासा….।

रायपुर : राजधानी के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस चोरी की घटना में एंटी क्राइम एंड साईबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किये गये है। चोरी में इस्तेमाल किया गया मेस्ट्रो दोपहिया वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर :

इस मामले में पुलिस ने बताया है कि ज्वेलरी दुकान संचालक अजय मंडल ने घटना की शिकायत पुरानी बस्ती थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद करने के बाद शटर में ताला लगाया गया था। अगले दिन सुबह करीब 11 बजे जब वे दुकान पहुंचे तो शटर का एक ताला टूटा हुआ था और शटर ऊपर उठा मिला। दुकान के भीतर जाकर सामान की जांच करने पर चांदी के जेवरात समेत कई अन्य चांदी की वस्तुएं गायब मिलीं। संचालक के मुताबिक चोरी गये सामान की कीमत लगभग 4 लाख रुपये थी, जिसको लेकर पुलिस ने कार्यवाही की। 

CCTV फुटेज से पुलिस को मिला अहम सुराग :

चोरी का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई गई। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस ने पुराने चोरी और नकबजनी के मामलों में संलिप्त बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को कबीर नगर निवासी संजय चौहान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। 
पुलिस के अनुसार, संजय पहले भी नकबजनी के मामलों में जेल जा चुका है और घटना वाली रात उसे ज्वेलरी दुकान के आसपास संदिग्ध हालत में देखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर उससे आगे पूछताछ की गई, जिसमें उसने एक साथी के साथ मिलकर दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। 

चोरी का माल खपाने में साथी की भूमिका :

वहीँ मामले की पूछताछ में पुलिस को पता चला कि चोरी के बाद कुछ चांदी के जेवरात आरोपी ने अपने साथी होरी लाल पंकज को दिए थे। इसके बाद पुलिस ने होरी लाल पंकज और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत अन्य सामान बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, संजय चौहान के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ रायपुर के डी.डी. नगर, कोतवाली और गुढ़ियारी समेत कई थाना क्षेत्रों में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। वहीं होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और वह इस प्रकरण में फरार बताया जा रहा था।