यूपी एटीएस की बड़ी कार्यवाही: आजमगढ़ से अल-कायदा (AQIS) का सक्रिय आतंकी गिरफ्तार, ‘गजवा-ए-हिन्द’ की रच रहा था साजिश।

आजमगढ़ (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (यूपी एटीएस) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए आजमगढ़ जिले से आतंकी संगठन ‘अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट’ (AQIS) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस पकड़े गए आरोपी की पहचान महमूरपुर के ग्राम चितारा निवासी मोहम्मद नबील के रूप में हुई है। इस मामले में जानकारी सामने आई है कि नबील पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, हथियार व फंड जुटाने और भारत विरोधी बड़ी वारदातों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है।

एडीजी ने किया नेटवर्क का खुलासा :

एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एटीएस को खुफिया इनपुट मिले थे कि मोहम्मद नबील प्रतिबंधित संगठन AQIS की विचारधारा का प्रचार कर रहा है। वह सोशल मीडिया के एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर युवाओं को जिहाद के लिए उकसा रहा था। पुख्ता सबूत मिलने के बाद एटीएस थाने में एफआईआर दर्ज की गई और उसे आजमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है।मोहम्मद नबील के मोबाईल फोन की तलाशी में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। वह अपनी आतंकी साजिशों को खुफिया एजेंसियों से छिपाने के लिए खास कोडवर्ड का इस्तेमाल करता था, जिसमें इन शब्दों का प्रयोग होता था :

  • प्रोजेक्ट: जिहादी प्लान
  • ट्रिप: सफर या यात्रा
  • पेन: चाकू (हथियार)
  • जूस: केमिकल (विस्फोटक सामग्री)

नबील ने ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा था, जिसमें वह सदस्यों को ‘मुजाहिद’ कहकर संबोधित करता था। इस ग्रुप में अलकायदा के मारे गए आतंकी अनवर उल अवलाकी की विवादित किताब ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ और मौलाना आसिम उमर की किताबें शेयर कर युवाओं का ब्रेनवॉश किया जाता था।

विदेशी कनेक्शन और आतंकी ट्रेनिंग की योजना :

जांच में नबील के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी सामने आए हैं:

  • विदेशी ग्रुप्स से जुड़ाव : वह ‘फ्लेम्स ऑफ वॉर’ जैसे कई विदेशी ग्रुप्स का हिस्सा था, जिनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के संदिग्ध लोग जुड़े हुए थे।
  • ट्रेनिंग का प्लान : नबील बम बनाने और हथियारों की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजना बना रहा था।
  • बम बनाने के वीडियो : उसके पास से पोटैशियम नाइट्रेट इकट्ठा करने और बम बनाने के तरीकों वाले वीडियो बरामद हुए हैं।
  • गजवा-ए-हिन्द : वह सही समय आने पर पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत में ‘गजवा-ए-हिन्द’ छेड़ने की बातें करता था।

आगे की कार्यवाही : यूपी एटीएस अब आतंकी मोहम्मद नबील को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान पूछताछ में इस पूरे आतंकी नेटवर्क, उनके अन्य साथियों और स्लीपर सेल से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।