कोरबा : आये दिन रील बनाने को लेकर विवाद सामने आते रहते है, रील बनाने वालों में समझदारी, अनुशासन और मर्यादा की हमेशा कमी देख गई है, ऐसे ही थाना परिसर, जिसे कानून-व्यवस्था और न्याय की उम्मीद का केंद्र माना जाता है, वहां सोशल मीडिया रील्स बनाने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोरबा जिले के कोतवाली थाना परिसर में एक महिला द्वारा इंस्टाग्राम रील बनाकर अपलोड किए जाने के बाद भारी विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद अब महिला ने एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 की शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘ll_uma_baby111’ नामक पेज से कुछ वीडियो अपलोड किये गये थे। ये वीडियो कोरबा के कोतवाली थाना परिसर के भीतर शूट किए गए थे। महिला ने थाने के अंदर बैक-टू-बैक कई वीडियो बनाए और उन्हें अपने अकाउंट पर शेयर कर दिया।
सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल :
वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोगों ने कड़ी आपत्ति जतानी शुरू कर दी। थाना परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की गतिविधि को लेकर कई सवाल खड़े हुये है :
- थाना वह जगह है जहां पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था से जुड़े गंभीर कार्यों में व्यस्त रहते हैं।
- यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें और परेशानियां लेकर पहुंचते हैं।
- ऐसे माहौल में सोशल मीडिया कंटेंट के लिए शूटिंग होने से पुलिस की सतर्कता और परिसर की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गया।
आलोचना के बाद महिला ने जारी किया माफीनामा :
मामले को तूल पकड़ता देख और सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना के बाद, वीडियो बनाने वाली महिला ने अपनी सफाई पेश की है। उसने एक नया वीडियो जारी कर अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगी है। साथ ही, महिला ने आम जनता से यह अपील भी की है कि उसके पुराने वायरल हो रहे वीडियो को आगे शेयर न किया जाए और मामले को और ज्यादा तूल न दिया जाए।



