खरसिया में सामने आया भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, लगी भयानक आग, आग से गाड़ियां और सामान भी जलकर हुये खाक।

रायगढ़/खरसिया: छत्तीसगढ़ के खरसिया में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना गया। बताया जा रहा है कि रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा लोहे की छड़ों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सीधे एक घर में जा घुसा। रायगढ़ चौक रोड पर हुए इस हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर में भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों के साथ-साथ घर के कई सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी के कारण ट्रेलर और तीनों बाईक पूरी तरह जलकर राख हो गये।

बाल-बाल बचे लोग, मची अफरा-तफरी :

इस खौफनाक घटना में गनीमत यह रही कि इस खौफनाक हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इसको लेकर बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुई, उस समय घर के भीतर परिवार के सदस्य सो रहे थे। ट्रेलर की जोरदार टक्कर और आग लगने के बावजूद सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। वहीं, हादसे के दौरान ट्रेलर के चालक ने भी वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। ट्रेलर की टक्कर से बिजली का खंभा टूटने के कारण आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे रात के अंधेरे में मौके पर भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जिसके बाद इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारी फौरन मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस पूरी घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रेलर के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह क्या थी।