पेंड्रा/गौरेला : गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम अंजनी में झाड़ियों से मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चरित्र शंका और विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मृतिका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है।
विवाद के बाद चाकू से किया जानलेवा वार :
पुलिस के अनुसार, घटना 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे की है। आरोपी पति सुमित कुमार यादव ने जब अपनी पत्नी को कमरे में नहीं पाया, तो खोजबीन के दौरान उसने पत्नी को परिचित युवक जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। आरोपी ने पहले जितेंद्र को मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन वह मौके से भाग निकला। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद और झूमाझटकी हुई, जिसमें सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। अत्यधिक खून बहने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मजदूरों की सूचना पर पुलिस ने बरामद किया था शव :
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की नीयत से झाड़ियों में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी देता रहा। जेपी एग्रोटेक मिल के मजदूरों ने जब झाड़ियों में महिला का शव देखा, तो तत्काल गौरेला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फॉरेंसिक जांच के साथ साक्ष्य जुटाए।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, आरोपी जेल दाखिल :
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित जांच टीम ने जब पति सुमित कुमार यादव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) और 238(ख) (साक्ष्य मिटाने का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



