ससुर पर बहू से अश्लील बातें और अनैतिक दबाव बनाने का आरोप, विरोध पर दंपत्ति को घर से निकाला, पुलिस ने शुरू की जांच।

उन्नाव (उत्तर प्रदेश) : माखी थाना क्षेत्र के पोटरिया मजरा सतरा गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ससुर पर अश्लील बातें करने और गलत संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। विरोध करने पर दम्पत्ति को घर से बाहर निकाल दिया गया है। पीड़िता और उसके पति ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी के 15 दिन बाद से प्रताड़ना का आरोप :

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। आरोप है कि शादी के महज 15 दिन बाद से ही ससुर ने उस पर अनुचित दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब उसका पति दुकान पर चला जाता था, तब ससुर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातें करते थे। लोकलाज के डर से महिला पहले चुप रही, लेकिन जब हरकतें और जान से मारने की धमकियां बढ़ने लगीं, तो उसने अपने पति को पूरी बात बताई।

पूर्व में दो बहुओं के घर छोड़ने का दावा :

महिला के पति ने भी अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का दावा है कि उसके बड़े भाई की पहले दो शादियां हुई थीं और दोनों पत्नियां भी पिता के इसी तरह के कथित दुर्व्यवहार से तंग आकर घर छोड़कर चली गई थीं। हालांकि, इन पुराने आरोपों की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घर से निकाला, मकान में जड़ा ताला :

पीड़िता का कहना है कि जब उसने ससुर की कथित मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया, तो ससुर ने उसे और उसके पति को प्रताड़ित कर घर से बाहर निकाल दिया और मकान में ताला लगा दिया। इसके बाद पीड़ित दंपती ने पुलिस की शरण ली। माखी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी।