रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिक निगम ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए व्यापक अभियान शुरू किया है। शहर के जोन-6 अंतर्गत आने वाली रावतपुरा कॉलोनी में नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से बनाए जा रहे निर्माणों पर सीधे बुलडोजर चलाने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निगम का अमला चार बुलडोजरों और भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचा, जिससे क्षेत्र के अवैध निर्माणकर्ताओं और कब्जाधारियों में अफरा-तफरी मच गई।
आयुक्त समेत आला अधिकारियों की निगरानी में कार्यवाही:
इस ध्वस्तीकरण अभियान की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के शीर्ष अधिकारी खुद फील्ड में डटे रहे। कार्रवाई की सीधी निगरानी रायपुर नगर निगम के आयुक्त समित मिश्रा और जोन-6 के कमिश्नर द्वारा मौके पर रहकर की गई। अधिकारियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी में निगम अमले ने पहले से चिन्हित किए गए अवैध ढांचों, पक्की दीवारों और अनधिकृत निर्माणों को चरणबद्ध तरीके से ढहाना शुरू किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों की अनदेखी कर किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जायेगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, भारी पुलिस बल तैनात
इस कार्यवाही के दौरान स्थानीय स्तर पर किसी भी संभावित विरोध या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे। निगम दस्ते के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान और महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस ने अभियान स्थल के चारों तरफ सुरक्षा घेरा तैयार रखा, ताकि टीम बिना किसी बाधा के अपनी कार्यवाही पूरी कर सके।
राजधानी में अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर सख्त संदेश :
नगर निगम द्वारा की गई यह त्वरित कार्यवाही राजधानी में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने और भू-माफियाओं पर नकेल कसने की दिशा में प्रशासन की सख्ती को रेखांकित करती है। अधिकारियों के अनुसार शहर में बिना ले-आउट स्वीकृति और बिना भवन अनुज्ञा के हो रहे निर्माणों को लगातार चिन्हित किया जा रहा है। रावतपुरा कॉलोनी के बाद आने वाले दिनों में शहर के अन्य संवेदनशील व आउटर इलाकों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह की कठोर मुहिम जारी रखी जायेगी।



