भाजपा नेता की दबंगई से थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी घबराये, थानेदार के दफ्तर में आरोपी ने की तोड़फोड़, सामने आया ये मामला….।

रायपुर: राजधानी के गुढ़ियारी थाने में एक कथित भाजपा नेता द्वारा थाना प्रभारी (TI) के दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ और गुंडागर्दी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा नियमों के उल्लंघन पर जब्त किए गए डीजे को छुड़ाने के लिए पहुंचे नेता ने न सिर्फ अपनी पहुंच की धौंस दिखाई, बल्कि मांग न मानने पर शासकीय संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा अब तक कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है।

डीजे जब्ती को लेकर उपजा विवाद :

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण प्रतिबंध के नियमों का उल्लंघन कर बजाए जा रहे एक डीजे सिस्टम और गाड़ी को कार्रवाई करते हुए जब्त कर थाने लाया था। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार को शुभांकर नामक कथित भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ गुढ़ियारी थाने पहुंचा। वह बिना किसी अनुमति के सीधे थाना प्रभारी के कक्ष में दाखिल हुआ और जब्त डीजे वाहन को तुरंत छोड़ने का दबाव बनाने लगा।

मांग ठुकराने पर भड़का नेता, दफ्तर में मचाया उत्पात :

थाना प्रभारी ने जब नियमों का हवाला देते हुए वाहन छोड़ने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी अपनी राजनीतिक पहुंच का रौब दिखाते हुए तीखी बहस पर उतर आया। विवाद बढ़ने पर उसने अपना आपा खो दिया और टीआई के कक्ष में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। नेता ने कक्ष में लगी एलईडी टीवी, टेबल, कुर्सियां और केबल वायरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस अचानक हुए हमले से थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी अवाक रह गए। उत्पात मचाने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से आसानी से निकल गया।

कार्रवाई पर पुलिस की चुप्पी :

शासकीय दफ्तर में खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी और सरकारी संपत्ति के नुकसान के बावजूद, पुलिस का रवैया सवालों के घेरे में है। सूत्रों का कहना है कि आरोपी के सत्ताधारी दल से जुड़े होने के कारण पुलिस अब तक कार्यवाही करने से बच रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने न तो आरोपी को गिरफ्तार किया है और न ही उसके खिलाफ कोई आधिकारिक प्रकरण दर्ज किया है।