रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संतोषी नगर इलाके में मासूम बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाली गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक 8 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज हुआ है। बच्ची की तत्परता और साहस की वजह से वह आरोपी के चंगुल से सुरक्षित बच निकली। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मिली जानकारी के मुताबिक, संतोषी नगर निवासी आरोपी सुलेमान कुरैशी पड़ोस में रहने वाली 8 वर्षीय बच्ची के घर पहुंचा था। उसने बच्ची को चिप्स देने का प्रलोभन दिया और उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का कड़ा विरोध किया और खुद को उसके चंगुल से छुड़ाकर सीधे अपने परिजनों के पास पहुंच गई।
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
जिसके बाद बच्ची ने घर पहुंचकर आपबीती परिजनों को सुनाई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजन तत्काल मासूम को लेकर टिकरापारा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की गहन जांच शुरू की।वहीँ इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सुलेमान कुरैशी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो (POCSO) एक्ट, छेड़छाड़ और भारतीय कानून की अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कानून के अनुसार पीड़िता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है, वहीं पुलिस बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही में जुट गई है।



