रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर प्रवास के पहले दिन छत्तीसगढ़ ने पर्यावरण संतुलन, अत्याधुनिक शहरी नियोजन और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय अनुभव हासिल करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। एक ओर जहां राज्य को दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख औद्योगिक मंचों पर निवेश के नए और उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया, वहीं दूसरी ओर सतत विकास और आधुनिक वानिकी मॉडल्स को प्रदेश में धरातल पर उतारने की ठोस रूपरेखा तैयार की गई। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के विशेष नामांकन के पश्चात सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (एसबीएफ) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ (सिंग फोरम-2026) में सहभागिता करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने विश्वविख्यात ‘गार्डन्स बाय द बे’ के शीर्ष नीति-निर्माताओं और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत उच्चस्तरीय बैठक की।
गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों से संवरेगा नवा रायपुर : ईको-टूरिज्म और हरित संरचना पर बनी सहमति :
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘गार्डन्स बाय द बे’ के जनरल मैनेजर एवं मास्टर प्लानिंग प्रमुख जेस येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ गहन विचार-विमर्श किया। इस संवाद में मास्टर प्लानिंग, सस्टेनेबल आर्किटेक्चर, आधुनिक उद्यान प्रबंधन, दुर्लभ वनस्पति संरक्षण तथा उच्च-घनत्व वाले नगरीय क्षेत्रों में हरित आवरण के तकनीकी विस्तार जैसे महत्वपूर्ण आयामों पर विमर्श हुआ।
दोनों पक्षों के मध्य आधुनिक उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर), सतत ईको-टूरिज्म, जैव विविधता के ऑन-साइट संवर्धन और प्रशासनिक क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत साझेदारी स्थापित करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इस साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए दोनों सरकारों के स्तर पर आवश्यक तकनीकी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी, ताकि सिंगापुर के उन्नत लैंडस्केपिंग और बॉटनिकल इंजीनियरिंग मॉडल्स को नवा रायपुर में व्यवहारिक रूप से लागू किया जा सके।
प्राकृतिक संपदा और वानिकी का संगम: रोजगार व पर्यटन के खुलेंगे नए द्वार :
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ प्रचुर प्राकृतिक संपदा, खनिज भंडार, सघन वनों और समृद्ध जैव विविधता से परिपूर्ण राज्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गार्डन्स बाय द बे के उन्नत वैश्विक अनुभवों का प्रत्यक्ष लाभ नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के बॉटनिकल गार्डन के विकास में लिया जाएगा।
इसके साथ ही, प्रदेश के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में हरित पट्टी को व्यापक विस्तार दिया जाएगा तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग के माध्यम से पर्यटन का कायाकल्प किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन अभिनव पहलों से न केवल पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ता मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए हरित पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और उद्यानिकी क्षेत्र में आजीविका व रोजगार के अभूतपूर्व अवसर भी सृजित होंगे।
एसबीएफ लीडरशिप डिनर में वैश्विक दिग्गजों का जमावड़ा : ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण का आह्वान :
दौरे के पहले दिन की शाम को मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित विशिष्ट ‘लीडरशिप डिनर’ में सम्मिलित हुए। इस गरिमामय आयोजन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कोक पिंग सून सहित वैश्विक उद्योग जगत के कई शीर्ष नेतृत्वकर्ता उपस्थित रहे। डिनर के दौरान मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), नेस्ले तथा द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के वरिष्ठ नीति-निर्माताओं ने मुख्यमंत्री के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों को संबोधित करते हुए राज्य की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत प्रशासनिक सुधारों, त्वरित ऑनलाईन सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), सूचना प्रौद्योगिकी, मोबाईल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र का ब्योरा दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में नीतिगत पारदर्शिता और मजबूत अधोसंरचना के बल पर औद्योगिक प्रगति की गति कभी ठप्प नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योग स्थापना से जुड़ी किसी भी समस्या के निराकरण में हीलाहवाली से साफ इंकार करने की कार्यसंस्कृति पर चल रही है। उन्होंने सिंगापुर और बहुराष्ट्रीय कंपनियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सक्रिय साझीदार बनने और असीम अवसरों का लाभ उठाने का खुला आमंत्रण दिया।
सिंग फोरम-2026 और सीईओ राउंडटेबल: आर्थिक साझेदारी का विस्तृत रोडमैप :
निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्य ‘सिंग फोरम-2026’ में छत्तीसगढ़ राज्य का नेतृत्व करेंगे और वैश्विक मंच पर राज्य की विकास प्राथमिकताओं का प्रजेंटेशन देंगे।
इसके उपरांत, 6 अक्टूबर को एक विशेष उच्चस्तरीय सीईओ राउंडटेबल बैठक आयोजित की जायेगी, जिसमें सिंगापुर और आसियान देशों की फॉर्च्यून-500 कंपनियों, वैश्विक फिनटेक फर्मों, हरित ऊर्जा निवेशकों और इंफ्रास्ट्रक्चर दिग्गजों के शीर्ष अधिकारियों के साथ सीधी बातचीत होगी। इस गोलमेज बैठक में सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट अर्बन प्लानिंग तथा अंतर्राज्यीय व अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स हब के रूप में छत्तीसगढ़ में पूंजी निवेश को धरातल पर उतारने के लिए विस्तृत चर्चा की जायेगी।



