फरसगांव/कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला अंतर्गत विश्रामपुरी क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां विद्युत आपूर्ति बहाल करने के दौरान हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय एक युवा लाईनमैन की असामयिक और दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना के तुरंत बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
फॉल्ट सुधारने खंभे पर चढ़ा था लाईनमैन, करंट लगते ही जमीन पर आ गिरा :
विभागीय सूत्रों और स्थानीय प्रशासन से प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 23 वर्षीय घनश्याम निषाद के रूप में हुई है। सोमवार की दोपहर विश्रामपुरी क्षेत्र में अचानक विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई थी, जिसे सुचारू करने के लिए घनश्याम निषाद को तकनीकी खराबी दूर करने भेजा गया था। घनश्याम जब सीढ़ी के सहारे विद्युत पोल पर चढ़कर लाईन सुधारने के कार्य में जुटा हुआ था, उसी दौरान लाईन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। जोरदार झटके के साथ करंट की चपेट में आते ही वह संतुलन खो बैठा और काफी ऊंचाई पर लगी सीढ़ी से सीधे नीचे आ गिरा। इस भयावह पतन के चलते उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें, क्षेत्र में शोक की लहर :
हादसा घटित होते ही घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर अवस्था में घनश्याम को संभाला और बिना समय गंवाए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुरी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक विद्युत प्रवाह और ऊंचाई से गिरने के गंभीर आघात के कारण अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।
कुछ माह पूर्व भी विश्रामपुरी क्षेत्र में हुआ था ऐसा ही दर्दनाक हादसा :
गौरतलब है कि विश्रामपुरी क्षेत्र में इस प्रकार की यह पहली त्रासद घटना नहीं है। इससे पूर्व भी महज कुछ माह पहले ही इसी क्षेत्र में विद्युत लाईन का सुधार कार्य करते वक्त एक अन्य लाईनमैन करंट की चपेट में आ गया था और उसकी भी जान चली गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद भी सुरक्षा नियमों और शटडाउन व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, निष्पक्ष कार्यवाही का आश्वासन :
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जायेगी। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि कार्य के दौरान सब-स्टेशन से शटडाउन लेने में कोई तकनीकी चूक हुई थी या नहीं। जांच पूरी होने के उपरांत जिम्मेदारों के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।



