रायपुर : छत्तीसगढ़ के धरसीवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक और प्रसिद्ध लोक कलाकार अनुज शर्मा के आधिकारिक मोबाईल नंबर के हैक/कम्प्रोमाइज़ होने का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। शातिर साइबर जालसाजों द्वारा उनके प्रतिष्ठित संपर्क सूत्र में सेंधमारी कर परिचितों और आम नागरिकों को वित्तीय नुकसान पहुँचाने की नापाक कोशिश की जा रही है। इस गंभीर प्रकरण को देखते हुए विधायक ने एक आधिकारिक वीडियो संदेश जारी कर समूचे प्रदेश के नागरिकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को अत्यधिक सतर्क रहने की हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके नंबर का दुरुपयोग करते हुए विभिन्न लोगों को फोन कॉल और संदेश भेजकर आकस्मिक मदद के नाम पर पैसों की मांग की जा रही है।
संदिग्ध कॉल पर पैसों के भुगतान से करें साफ इंकार, वैकल्पिक माध्यम से दें सूचना :
अनुज शर्मा ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए नागरिकों को आगाह किया कि उनके विशेष मोबाईल नंबर 8963939000 से यदि किसी भी व्यक्ति के पास धन हस्तांतरण या आर्थिक सहायता से संबंधित कोई भी संदेश अथवा कॉल आए, तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें। उन्होंने आग्रह किया कि ऐसे किसी भी संदिग्ध अनुरोध को सिरे से खारिज करते हुए राशि भेजने से स्पष्ट इंकार कर दिया जाए। विधायक ने सभी से अपील की कि इस नंबर के जरिए भेजे जाने वाले किसी भी अज्ञात लिंक, फाइल या यूआरएल पर क्लिक न करें और न ही किसी ऑनलाईन वॉलेट या बैंकिंग माध्यम से भुगतान करें।
उन्होंने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया कि यदि उनके मोबाईल नंबर से किसी को ऐसा कोई संदेश प्राप्त होता है, तो उसकी सूचना तत्काल उनके कार्यालय, निजी सहयोगियों अथवा किसी अन्य वैकल्पिक माध्यम से उन तक पहुँचाई जाए, ताकि समय रहते उचित कदम उठाकर निर्दोष लोगों को इस संभावित ऑनलाईन धोखाधड़ी से सुरक्षित रखा जा सके।
अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह की आशंका, पुलिस दर्ज करेगी मुकद्दमा और होगी कड़ी कार्यवाही :
प्रारंभिक सूचनाओं के आधार पर यह संदेह जताया जा रहा है कि एक जनप्रतिनिधि के नंबर को निशाना बनाने के पीछे किसी संगठित अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह का हाथ हो सकता है। रायपुर क्षेत्र की साइबर क्राइम सेल ने इस घटना का संज्ञान ले लिया है और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे सुनियोजित षड्यंत्र को लेकर साइबर थाने में मुकद्दमा दर्ज किया जा रहा है और दोषियों को बेनकाब करने के लिए सघन तकनीकी कार्यवाही की जायेगी।
घटना उजागर होने के तुरंत बाद विधायक कार्यालय की तकनीकी टीम और दूरसंचार विशेषज्ञों ने संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए नंबर की संचार सेवाओं को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत ठप्प कर दिया, ताकि किसी भी अनधिकृत लेनदेन या डेटा दुरुपयोग को रोका जा सके। तकनीकी विशेषज्ञ अब नेटवर्क प्रोवाइडर की विशेष सहायता लाईन के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को बहाल करने में जुटे हैं।
जनहित में सूचना साझा करने की अपील, डिजिटल लाईन पर भुगतान से पहले करें पुष्टि :
अनुज शर्मा ने नागरिकों और समर्थकों से अपील की है कि इस सतर्कता संदेश को विभिन्न ऑनलाईन प्लेटफॉर्मों, सोशल मीडिया माध्यमों और स्थानीय समूहों में व्यापक रूप से साझा किया जाए। उनका उद्देश्य है कि उनके विधानसभा क्षेत्र सहित दूर-दराज के अंचलों में रहने वाले आम नागरिक और परिचित इस धोखाधड़ी के तौर-तरीकों से पहले ही वाकिफ हो जाएं और कोई भी व्यक्ति वित्तीय ठगी का शिकार न बने। उन्होंने विशेष रूप से दोहराया कि बिना आमने-सामने या आधिकारिक पुष्टि के किसी भी डिजिटल लाईन पर ऑनलाईन रकम ट्रांसफर न की जाए, जिससे असामाजिक तत्वों के मंसूबों को पूरी तरह विफल किया जा सके।



