कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में 22 वर्षीय युवक राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खूनी वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
डांस के दौरान हुआ विवाद, थप्पड़ मारने पर भड़का गुस्सा :
जानकारी के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का आरोपी बिट्टू चौहान से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि डांस के दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देकर थप्पड़ जड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुँचे उसके दोस्त विजय चौहान को भी राहुल ने थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद यह विवाद और अधिक उग्र हो गया।
पीछे की गली में ले जाकर किये ताबड़तोड़ 6 से 7 वार :
घटना से आक्रोशित बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल को पीछे की गली में ले जाकर उस पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। हमले के दौरान राहुल पर चाकू से ताबड़तोड़ 6 से 7 वार किये गये, जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त :
एएसपी लखन पटले ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में मुकद्दमा दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। पुलिस ने आरोपी बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे भी शीघ्र पकड़ लिया जायेगा। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आरोपियों का निकाला जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल :
घटना के बाद पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए उनका अर्धमुंडन कराया और क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। मामले से जुड़ा लाइव वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने से ठीक पहले यह वारदात हुई। दशहरा जैसे बड़े सार्वजनिक व त्यौहारी आयोजन के दौरान हुई इस नृशंस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी रखी जायेगी।



