दुर्ग/भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास एक सफेद बोलेरो मैक्स पिकअप की तलाशी में 4 करोड़ रुपये की नकदी मिली। पुलिस के मुताबिक, नकदी को वाहन के पिछले हिस्से में बनाये गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पिकअप में दो व्यक्ति सवार थे, जिनसे रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ की जा रही है।
रायपुर से नागपुर जा रहा था पिकअप वाहन :
मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को संदिग्ध वाहन में भारी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास वाहन चेकिंग के दौरान रात करीब 11 बजे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप (क्रमांक CG 04 QU 5996) को रोककर जांच की। बताया गया है कि वाहन रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था।
वाहन के पिछले हिस्से में मिला गुप्त चेंबर :
जांच के दौरान पुलिस को पिकअप के पिछले हिस्से में बदलाव किए जाने और उसे पूरी तरह बंद किए जाने का पता चला। इसके बाद वाहन की सघन तलाशी ली गई, जिसमें एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने नकदी की कुल राशि 4 करोड़ रुपये बताई है।
आयकर विभाग को दी जायेगी सूचना :
पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। दोनों से बरामद रकम के स्रोत, वास्तविक स्वामित्व और इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। वहीं, नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिये आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही रकम से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



