रायपुर : अभी दो दिन पूर्व ही सिगरेट के पैसे को लेकर बदमाशों ने एक बुजुर्ग को पीट दिया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब फिर एक युवक ने दुकानदार पर हमला कर दिया। जिससे बाद आस-पास के लोगों ने और दुकानदार ने उसे पकड़ लिया और जमकर उसकी धुनाई की है। पूरा मामला सिगरेट लेने के बाद पैसे देने के विवाद से जुड़ा है। इस मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
बुढ़ापारा के पास कैलाशपुरी चौक में महेश देवांगन का पान ठेला है। इसी पाने ठेले पर सोमवार दोपहर को ओम शर्मा स्कूटी से पहुंचा था। उसने ठेले पर जाकर सिगरेट मांगा। इसके बाद सिगरेट लेकर पीने लग गया। मगर इसी दौरान ओम और दुकानदार के बीच विवाद होने लगा।
पता चला है की बदमाश ने पैसे को लेकर झगड़ा किया। आरोपी ने कहा कि तू मुझसे ठीक से बात कर, तू नहीं जानता है मैं कौन हूं। तु मुझसे इस तरह से पैसे नहीं मांग सकता। इस बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। फिर ओम ने दुकानदार पर हमला कर दिया। जिससे उसके चेहरे पर चोटें आई हैं।
मारपीट के बाद आस-पास के लोग ठेले के पास पहुंच गए। उन्होंने ओम को पकड़ लिया। फिर सभी ने उसे पीटा। इस बीच पुलिस को किसी ने इस बात की सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी ओम को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि दुकानदार और आरोपी दोनों ने एक दूसरे को मारा है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं दुकानदार ने कहा है कि आरोपी ने मुझ पर चाकू चलाया है। उसने मुझे धमकी दी है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। लोगों ने कहा क्या दुकानदार अपनी रक्षा भी नहीं कर सकता , अगर बदमाश चाकू चला देता तब क्या होता?



