विनीता मल्होत्रा को पति ने दिया तीन तलाक, पति जोहल अहमद गिरफ्तार।

दुर्ग/भिलाई : जोहल अहमद से प्रेम विवाह करने वाली महिला विनीता मल्होत्रा उर्फ आलिया अहम ने भिलाई तीन थाने में तिन तलाक की शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। भिलाई तीन थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि विनीता मल्होत्रा उर्फ आलिया अहमद ने उसके पति जोहल अहमद की ओर से तीन तलाक देने की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसने 10 साल पहले जोहल अहमद से प्रेम विवाह किया था। साथ ही साथ हिन्दू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म को भी अपनाया था। पति के कहने पर उसने अपना नाम भी बदला। कुछ समय तक तो सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे उनके बीच दूरिया बढ़ती गईं। उसके पति ने उसे छोड़ने की बात कही।

इसके बाद उसने कोर्ट में मामला लगाया और भरण पोषण का मामला भी चल रहा है। 3 मई 2023 को जोहल से उसका झगड़ा हुआ। झगड़ा में जोहल ने उसे तीन बार तलाक तलाक तलाक बोलकर छोड़ दिया। पति का कहना था कि वो उसे इस्लामिक तरीके से तीन बार तलाक बोलकर संबंध तोड़ देता है। आलिया की शिकायत पर भिलाई तीन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को बुधवार को गिरफ्तार किया और जेल दाखिल किया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ क़ानूनी धाराओं में कार्यवाही कर केस दर्ज किया है।

मुस्लिम विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक के तहत की गई कार्यवाही :

भिलाई तीन थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि जोहल जशपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। उसका उसकी पत्नी से काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। पत्नी की शिकायत पर उन्होंने मुस्लिम विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक 2019 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जोहल को गिरफ्तार किया है। नये कानून के तहत जोहल गिरफ्तार हुआ है और उसी के अनुरूप उस पर पुलिस कार्यवाही कर रही है।