कानपुर (उ.प्र.) : स्कूल में बच्चे की पिटाई का मामला सामने आया है, जहाँ जय श्रीराम बोलने पर टीचर ने बच्चे की पिटाई कर दी और कहा किसी ने भी जय श्री राम बोला तो उसका यही हाल होगा, घटना किदवई नगर के मिशनरी स्कूल सेंट थॉमस में जय श्री राम का नारा लगाने पर छात्र को शिक्षक पीटने से सम्बंधित है। इसके साथ ही, टीचर ने क्लास में हिदायत देते हुए कहा कि अगर किसी ने इस तरह का नारा लगाया तो उसका भी यही हाल होगा। क्षेत्रीय पार्षद और अभिभावकों ने इस बात को लेकर आपत्ति जताई और स्कूल में हंगामा किया। इसके बाद प्रिंसिपल ने टीचर को सस्पेंड कर दिया। पूरे मामले में जांच बैठाई है। खबर है कि इस घटना को लेकर पालकों में काफी आक्रोश है।
टीचर बोला – किसी ने जय श्री राम बोला तो उसका भी यही हाल होगा :
बर्रा विश्वबैंक कालोनी निवासी अभिभावक सत्येंद्र द्विवेदी और हर्षित द्विवेदी ने बताया कि 25 जुलाई को कक्षा छह के छात्र अथर्व और शाश्वत स्कूल गए थे। आरोप है कि लंच के वक्त बच्चे बाहर निकल रहे थे। इस दौरान कुछ बच्चों ने जय श्रीराम बोल दिया। टीचर चंदन क्रिस्टी ने बच्चों ने जय श्रीराम बोलते हुए सुन लिया। चंदन गुस्से में आ गए और दोनों बच्चों को खींचते हुए स्टाफ रूम में ले गए और बच्चों को बेरहमी से पीटा। हाथ ऊपर करके खड़ा करा दिया। इसके बाद क्लास में भी हिदायत दी कि अगर किसी ने यहां जय श्री राम या अन्य धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल किया तो उसका भी यही हाल होगा। जब बच्चे घर पहुंचे तब यह मामला खुला। बच्चों के शरीर में चोट के निशान देखकर परिजनों ने पूछताछ की। बच्चों ने रोते हुए पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद परिजन आक्रोश में आ गए और उन्होंने भाजपा के पार्षद अवधेश त्रिपाठी को जानकारी दी। जिसके बाद परिजन पार्षद के साथ स्कूल पहुँच गये।
हंगामा-बवाल होने पर टीचर को सस्पेंड किया :
मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने टीचर के खिलाफ स्कूल के प्रिंसिपल माल्विन डिसूजा से लिखित शिकायत दर्ज कराई। अभिभावकों के सामने टीचर को बुलाकर पूछताछ की गई। तो उन्होंने इस बात से इंकार किया, टीचर बात मानने को तैयार नहीं था। हालांकि क्लास में दूसरे बच्चों से पूछताछ होने पर असलियत सामने आ गई। इसके बाद टीचर ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी, लेकिन परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। प्रथम दृष्टया जांच में टीचर के दोषी मिलने पर शिक्षक को निलंबित करके स्कूल प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रहा है। घटना को लेकर पालक काफी आक्रोशित दिखे, ऐसी घटनायें कई मिशनरी स्कूलों एवम् अन्य स्कूलों से भी सामने आ चुकी है।