एजाज़ ढेबर लड़ेंगे उत्तर और दक्षिण दोनों विधानसभा से, क्या करेंगे जुनेजा, सत्यनारायण शर्मा की जगह लेंगे पंकज, जाने राजनीति के बदलते मायने।

रायपुर : भाजपा ने अपने 21 उम्मीदवार अचानक से घोषित कर राजनैतिक गलियारों को हिला दिया, जहाँ नये नेता अपनी टिकट के लिये योजना बना रहे थे, वो परेशान हो गये, अब विधानसभा चुनाव के सामने आते ही दावेदारों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से दावा ठोकना शुरू भी कर दिया है। कुछ ने एक विधानसभा क्षेत्र से तो कुछ ने दो-दो विधानसभा क्षेत्रों से अपनी दावेदारी करते हुए ब्लाक अध्यक्ष को पत्र सौंपा है। अब इधर कांग्रेस के नेता अपनी टिकट की जुगत में लग गये है, इनमें वर्तमान विधायक कुलदीप जुनेजा से लेकर महापौर एजाज ढेबर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा भी शामिल हैं। सभी ने अपने-अपने मनपसंद विधानसभा क्षेत्रों से दावेदारी पेश की है।

महापौर एजाज ढेबर ने दो विधानसभा क्षेत्र से, कुलदीप जुनेजा और और पंकज शर्मा ने एक विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी पेश की है।  चौंकाने वाली दावेदारी पंकज शर्मा और महापौर एजाज ढेबर की रही। पंकज ने अपने पिता विधायक सत्यनारायण शर्मा की जगह रायपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से दावेदारी की है। हालांकि यह बात लंबे समय से चल रही थी कि इस बार सत्यनारायण अपने बेटे को चुनाव लड़ाएंगे। वहीं महापौर ढेबर ने रायपुर उत्तर और दक्षिण दोनों विधानसभा सीट से लड़ने के लिए अपना आवेदन दिया है। अब देखना ये होगा की उत्तर विधानसभा के जीते हुये कुलदीप जुनेजा की टिकट का क्या होगा?

धरसींवा में कांग्रेस से दावेदारों की फौज :

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से इस बार भी कांग्रेस से टिकट के लिए दावेदारों की बड़ी फौज तैयार है। पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेसी नेता अपनी-अपनी दावेदारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्य्क्ष धरसींवा और खरोरा के पास पेश कर रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा पहले ही अपनी दावेदारी धरसींवा ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा के समक्ष पेश कर चुकी हैं। इसके अलावा वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट के प्रबल दावेदार रहे देवव्रत नायक ने भी खरोरा ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के सामने अपनी दावेदारी पेश की है। इस बार दावेदारों की संख्या काफी ज्यादा है।

देवव्रत नायक खरोरा तिल्दा जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं। केंद्रीय अध्यक्ष छगम कुर्मी समाज चोवाराम वर्मा ने भी अपने समर्थकों के साथ विधानसभा धरसींवा से अपनी दावेदारी ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा के सामने पेश की है। इसके अलावा जनपद उपाध्यक्ष चंद्रकांत वर्मा ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। कांग्रेस में इस बार दावेदारों की सूची बहुत लंबी नजर आ रही है। वहीं भाजपा से अब तक सिर्फ नामों की चर्चाएं हैं। प्रमुख रूप से पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, अंजय शुक्ला, अशोक सिन्हा के नाम प्रमुख हैं।

रायपुर ग्रामीण से 4 दावेदार :

रायपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से अब तक चार दावेदार सामने आए हैं। पंकज शर्मा के अलावा नागभूषण यादव और विनोद तिवारी ने भी दावेदारी की है।

पश्चिम से किसी ने नहीं की दावेदारी :

शहर कांग्रेस कमेटी ने दावेदारों की जो लिस्ट जारी की है, उसमें सबसे खास बात यह है कि सोमवार तक रायपुर पश्चिम विधानसभा सीट से किसी ने भी अपने दावेदारी नहीं की है। यहां के विधायक विकास उपाध्याय है। हालांकि आवेदन जमा करने में अभी एक दिन का समय बाकी है। बताया जाता है कि कुछ अन्य कांग्रेसियों ने भी दावेदारी के लिए आवेदन लिया है, लेकिन जमा नहीं किया है।

उत्तर से 15 दावेदार :

कांग्रेस विधायक कुलदीप जुनेजा के विधानसभा सीट में भी दावेदारों की फौज खड़ी हो गई है। यहां से सोमवार तक कुल 15 कांग्रेसियों ने दावेदारी की है। इसमें जुनेजा के अलावा, पंकज शर्मा, अजीत कुकरेजा, अमर गिदवानी जैसे अन्य प्रमुख दावेदार है। अमर गिदवानी पिछली बार JCCJ की सीट से चुनाव लड़े थे जिसमें उन्हें लगभग ढाई हजार वोट मिले थे।

अभी सिर्फ दावेदारी टिकट तय करेंगे आलाकमान :

अभी सिर्फ प्रत्याशी अपनी दावेदारी ठोक रहे है और अपनी योग्यता पार्टी में सिद्ध कर रहे है, जो जीते हुये प्रत्याशी है उनका टिकट काटना मुश्किल है, और जितने भी आवेदन आयेंगे उन पर निर्णय पार्टी के आलाकमान करेंगे, उसी आधार पर टिकट बांटी जायेगी, जबकि भाजपा में इस बार इस प्रकार की प्रक्रिया नहीं अपनाई जा रही है, कुछ ही दिनों में कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होने की सम्भावना है।