वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने किया ये काम….।

रायपुर : युवाओं में रील और विडियो बनाने का जूनून इस तरह सवार है कि वो किसी की भी जान जोखिम में डालने से नहीं कतराते, आये दिन राजधानी में स्टंट बाजी के विडियो वायरल होते है, पुलिस कार्यवाही करती है, फिर भी युवा मानने को राजी नहीं होते, अब राजधानी की सड़कों पर धूम फिल्म की तरह स्टंटबाजी करते हुये फिर कुछ युवकों का वीडियो वायरल होते ही पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। वीआईपी रोड पर महंगी रेसिंग बाइक पर सवार छह से अधिक युवक सामने का चक्का हवा में उठाकर रफ्तार से गाड़ी भगाते दिखाई दे रहे हैं। इस खतरनाक वीडियो के वायरल होने के बाद ट्रैफिक एएसपी ने कहा है कि स्टंटबाज युवक को समझाईश देकर उस पर चालानी कार्यवाही की गई है।

इस घटना का विडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, यह वीडियो तेलीबांधा चौक से माना एयरपोर्ट जाने वाले वीआईपी रोड का है। छह से अधिक युवक महंगी स्पोर्ट्स बाइक में रफ्तार से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से ज्यादातर युवकों की बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं हैं। वे सभी नवा रायपुर की तरफ से आ रहे है। तभी इनमें से एक युवक ने खतरनाक तरीके से बाइक को सामने से उठा लिया, फिर वह तेजी से एक्सीलेटर देते हुए आगे निकल गया। यह स्टंट उसके साथ आसपास से गुजर रहे किसी के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। कई युवा खुद तो दुर्घटना का शिकार होते ही है और दुसरे की जान भी जोखिम में डाल देते है।

नवा रायपुर की खाली सड़कों पर स्टंटबाज है सक्रिय :

शाम ढलते ही नवा रायपुर की सूनसान सड़कों पर स्टंटबाज सक्रिय हो जाते हैं। खास तौर पर रविवार के दिन अवकाश होने पर नवा रायपुर के कई अलग-अलग जगहों में रायपुर और उसके आसपास शहरों के युवा महंगी बाईक के साथ इकट्ठे होते हैं। वे यहां पर स्टंटबाजी करते हुए मोबाईल से वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर साझा करते है। इनके बीच रेसिंग की बाजी भी लगती है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए स्टंटबाज अक्सर जगह बदलते रहते हैं। यहाँ रोड अधिकतर खाली रहते है लेकिन अचानक से दुर्घटना का डर बना रहता है।

स्टंटबाजी करने पर पुलिस करती है सख्ती :

विडियो वायरल होने पर ट्रैफिक एएसपी सचिंद्र चौबे ने कहा कि वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी करने वाले युवकों को बुलाकर उसका चालान काटा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि दोबारा ऐसा करने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि शहर में हर चौक-चौराहों में कैमरे लगे हुए हैं। इसके अलावा यदि इंटरनेट मीडिया में भी इस तरह की स्टंटबाजी का वीडियो सामने आता है तो तत्काल कार्यवाही होगी। दोबारा ऐसा करने पर लाइसेंस भी जब्त किया जायेगा और वाहन भी जब्त किया जा सकता है। युवा ऐसी हरकत ना करें।