शराब के केस में पकड़े गये व्यक्ति की हिरासत में मौत, परिजनों ने कहा – पुलिस की प्रताड़ना से हुई मौत, यहाँ का है मामला….।

धमतरी : कुरूद पुलिस ने छह सितंबर को 17 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी शिवचरण चक्रधारी 50 वर्ष को गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे पड़कर थाने ले गई थी, जहाँ पुलिस ने उसे हिरासत में रखा था। यहाँ अवैध शराब बेचने के आरोप में पकड़े गए कुरूद के धोबी चौक निवासी शिवचरण चक्रधारी 50 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने कुरूद पुलिस की प्रताड़ना के कारण मौत होने का आरोप लगाया है। मृतक के पुत्र देवनाथ चक्रधारी ने बताया कि छह सितंबर की रात पुलिस ने सूचना दी की उनके पिता शिवचरण चक्रधारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें उपचार के लिए धमतरी के जिला अस्पताल ले जा रहे हैं। जब परिजन जिला अस्पताल धमतरी पहुंचे तब तक शिवचरण की मृत्यु हो चुकी थी।

परिजनों को पुलिस ने तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने थाने के अंदर मारपीट कर बुरी तरह प्रताड़ित किया था, जिसके कारण पुलिस थाना में ही मौत हो गई है। इसके बाद शव को अस्पताल ले जाया गया। दोषी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को बचाने के लिए लीपापोती की जा रही है। इस मामले में परिजन दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे है। कुरूद के लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग आक्रोशित होकर नेशनल हाईवे में उतर गए हैं और चक्काजाम करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में कुरूद थाना प्रभारी दीपा केंवट और अन्य पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वे मोबाइल कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं।