इस मार्केट में कई दुकानों में भरा पानी, बाजार में तैर रहे वॉशिंग मशीन – फ्रीज, दुकानदार बोले- क्या नगर निगम करेगा भरपाई?

दुर्ग/भिलाई : दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने कई शहरों की पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। गुरुवार को सबसे बुरा हाल भिलाई का देखने को मिला। यहां सुपेला स्थित आकाश गंगा मार्केट में कई दुकानों में पानी भर गया। दुकानों के अंदर इलेक्ट्रॉनिक्स के अंदर तो 150 से अधिक फ्रिज, वाशिंग मशीन और माइक्रो वेब तैरते मिले। दुकान में पानी भरने से दुकान संचालक परेशान है। उसका कहना है कि जल भराव से उसे भारी नुकसान हुआ है। आकाश गंगा मार्केट के बाहर सड़कें सैलाब बन गई है। यहां कई दुकानों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है।

गुरुवार की सुबह हुई बारिश के कारण पूरा शहर तरबतर हो गया है। लोगों और दुकान संचालकों का कहना है कि भिलाई शहर की निचली बस्तियों में पानी भरना आम है लेकिन पहली बार सुपेला बाजार में भी जलभराव हो गया है। मार्केट की सड़क पर लोग बड़ी मुश्किल से चल पा रहे थे। चरों तरफ जलभराव से आम लोग और दुकानदार काफी परेशान हो गये है।

दुकान संचालक अरविंद कुमार वर्मा का कहना है कि ऐसा हाल हीमें निर्माणाधीन अंडरब्रिज के चलते ऐसा हुआ है। अंडर ब्रिज बनाने वालों ने यहां की नाली को इतना संकरा कर दिया है कि आकाशगंगा मार्केट का पानी निकल नहीं पाया। इससे पूरा पानी यहां की दर्जनों दुकानों में भर गया है, जिससे मुझे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान है जो पानी के चलते पूरा खराब हो गया है। अब इसका कोई भी भरपाई नहीं हो पायेगा।

अरविंद वर्मा का कहना है कि शासन प्रशासन भिलाई को स्मार्ट सिटी बनाने की बात कह रहा है, लेकिन ये कभी नहीं होगा। उनका आरोप है कि पिछले चार-पांच घंटों से यहां सभी दुकानों में पानी भरा है। मार्केट में करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया है, लेकिन न तो निगम का एक भी अधिकारी और नेता झांकने तक नहीं पहुंचा। सभी दुकानदार पानी भरने के कारण परेशान हो गये है, पानी बाहर निकालने की समस्या अलग और नुकसान उठाना पड़ रहा है, वो अलग।

अधिकारी आयुक्त ने कहा- सुबह से लगी है टीम :

भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास ने इस आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि सुबह से पानी निकासी की व्यवस्था में निगम की टीम लगी है। अधिकारी दुकान में जाकर क्या करेंगे। ये अव्यवस्था रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के चलते हुई है। वहां नाले को संकरा कर दिया गया है। निगम के अधिकारी उसे सही करने में लगे हुए हैं। दुकान में पानी घुस गया उसको निगम के अधिकारी क्या कर सकते है?

लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और सुपेला अंडरब्रिज में कमर से ऊपर तक भरा पानी :

वहीं दूसरी तरफ लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भी पूरा जलमग्न हो गया है। इसके ठीक बगल से स्थित महिंद्रा शोरूम की बड़ी बिल्डिंग का पूरा पानी अस्पताल परिसर में गिराया जा रहा है। इससे मरचुरी जाने वाले रास्ते और पार्किंग में पूरा पानी भर गया है। बारिश के चलते सुपेला और चंद्रामौर्या अंडरब्रिज पानी से पूरी तरह फुल हो गए हैं। यहां से गाड़ियां नहीं निकल पा रही है। जो गाड़ियां निकलने का प्रयास कर रही हैं तो पानी का भराव अधिक होने से फंस जा रही हैं। दोनों अंडर ब्रिज कई घंटे से जल भराव के चलते बंद हैं। इसके साथ ही सुपेला और शहर के अन्य कई क्षेत्रों में जल भराव के चलते रास्ते पानी से भर गए हैं। हर तरफ पानी के भराव को लेकर परेशानी का आलम है।