मुस्लिम वोट बैंक को साधना कांग्रेस दावेदार को पड़ा भारी, समाज में गुस्से का माहौल, ये हुई गलती….।

उज्जैन (म.प्र.) : विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही नेता अपनी-अपनी नगरी में सक्रीय हो गए है। वोटरों को लुभाने के लिए जहां प्रदेश सरकार कई प्रकार की योजनायें और लाभ देकर जनता का वोट हासिल करना चाह रही हैं। तो वहीं स्थानीय नेता भी वोटरों को खुश करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कोई धार्मिक यात्रा निकाल रहा है तो कोई क्षेत्रीय लोगों के बीच पहुंचकर उनका हाल-चाल जान रहा है। कोई उन्हें सामान बांट रहा है , तो कोई उनके समारोहों में शामिल हो रहा है।

इसी कड़ी में उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट पर कांग्रेस की ओर से दावेदारी कर रहे विवेक उर्फ विक्की यादव ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए कुछ ऐसा कर डाला, जिससे मुस्लिम वर्ग के लोग उल्टा उनके विरोध में खड़े हो गए। वहीं उन पर अब एफआईआर दर्ज करने का आवेदन भी समाज ने पुलिस को दिया है। हालांकि पूरे मामले में विक्की यादव ने सफाई देते हुए एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह आरोपों को झूठा व एक साजिश बता रहे हैं। लेकिन मामले में तहकीकात होने के बाद ही किसी परिणाम पर पहुंचा जा सकेगा।

दरअसल विक्की यादव पर आरोप है कि उन्होंने मुस्लिम समाज के पवित्र ग्रंथ कुरान की यासीन शरीफ नाम की एक आयत की कुछ प्रतियां छपवाकर मुस्लिम क्षेत्रों में बांट दी, उन्होंने इन प्रतियों में अपना फोटो छपवा कर उस पर अपना नाम भी लिख दिया., जैसे ही यह प्रतियां मुस्लिम जनों के बीच पहुंची, शहर के प्रबुद्ध जीवी मुसलमानों का एक धड़ा उनसे नाराज हो गया। अब मुस्लिम समाज ने उन पर केस दर्ज करने की मांग की है।

समाज के व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सय्यद फारूक ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को 500 रुपये व साड़ियां भी बांटी है जो गलत है। महाकाल थाने में विक्की यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को लेकर आवेदन भी दिया गया है।

वहीं एएसपी जयंत सिंह राठौड़ ने पुष्टि करते हुए कहा कि आवेदन की जांच जारी है, आवेदन में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों ने आरोप लगाया है कि कुरान एक पवित्र किताब है और विक्की यादव ने उसकी एक आयत की पुस्तक के पीछे अपना फोटो छपवा कर अपने राजनीतिक स्वार्थ को पूरा करने के चलते कुरान का अपमान किया है, इसके चलते अन्य विरोधी दलों की टिप्पणी की भी आशंका नजर आती है। वहीँ मुस्लिम समाज नाराज हो गया है।