रायपुर : महादेव बुक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन सट्टा और जुआ खेलने वालों की संख्या तेजी बढ़ रही है। एशिया कप क्रिकेट मैच शुरू होने से पहले महादेव एक्सचेंज पोर्टल में ग्राहकों की संख्या 9 लाख थी, जो मैच शुरू होते ही 25 लाख तक पहुंच गई। इसमें शामिल कई बड़े नेताओं के साथ अधिकारी और व्यापारियों के नाम आ चुके है, राज्य सरकार ने इस पर ताबड़तोड़ कार्यवाही की थी, इसके बाद इनके नाम अंतर्राष्ट्रीय सटोरियों के गिरोह और आतंकवादी संगठन से फंडिंग के साथ जुड़ने पर मामले को ED ने अपने हाथ में लिया, लगभग दो साल से लगातार कार्यवाही होने के बावजूद भी महादेव बुक का पोर्टल और अन्य ऑनलाइन सट्टा एप भी चालू ही है, महादेव बुक सट्टे के खेल में अलग कीर्तिमान रच रहा है। इसके पोर्टल को न पुलिस बंद करवा पाई और न ही ईडी वाले बंद करवा पा रहे हैं। मामले में पुलिस और ईडी दोनों ने अपराध दर्ज किया है, लेकिन पोर्टल बंद नहीं हुआ।
महादेव बुक के पोर्टल में केवल क्रिकेट में ही ऑनलाइन सट्टा नहीं लगाया जा रहा है, बल्कि फुटबॉल, हॉकी, कसिनो के अलावा कई ऑनलाइन जुआ खिलाने वाले गेम भी हैं। इसके जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा और जुआ खिलाया जा रहा है। इंस्टाग्राम, वाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन आईडी बेची जा रही है। इन पर जांच एजेंसियां रोक नहीं लगा पा रही हैं। लगातार सोशल मिडिया के जरिये लोगों को आई डी बांटी जा रही है, इस पर अभी तक रोक का कोई इंतजाम नहीं है।
अभी तक नहीं पकड़े गये सरगना :
दुर्ग-भिलाई के सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वर्ष 2019 में यह अवैध कारोबार शुरू किया था। महादेवबुक और अन्ना रेड्डी के नाम से यह अवैध कारोबार के जरिए करोड़ों रुपए कमाने के बाद दोनों दुबई चले गए। इसके बाद दुर्ग और रायपुर पुलिस ने इस नेटवर्क के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही शुरू की। इसमें उसके नेटवर्क से जुड़े स्थानीय लोग ही पकड़े गए। दोनों अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं और अब ईडी भी उन्हें पकड़ नहीं पा रही है। दोनों देश छोड़कर भाग गये है।
सटोरियों का राजधानी में है बड़ा नेटवर्क :
महादेवबुक और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का रायपुर में भी बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। शीमर्स क्लब (विधानसभा के पास) के संचालक नितिन मोटवानी, युसूफ पुट्टी, कोचिंग सेंटर संचालक नवीन बत्रा, सागर जैन, मन्नू नत्थानी, सन्नी पृथ्वानी आदि सटोरियों के नाम सामने आए हैं। इनमें से कुछ सटोरियों से ईडी भी पूछताछ कर चुकी है। युसूफ पुट्टी ने पुलिस की गिरफ्तारी से बचने अग्रिम जमानत ले ली है। पिछले दिनों लोगों की व्यक्तिगत पहचान संबंधी दस्तावेज लेकर फर्जी खाते खुलवाने वाले गैंग के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नवीन बत्रा का नाम सामने आने पर पुलिस सक्रिय हुई थी। इसी बीच गोवा पुलिस ने उसे एक फाइव स्टार होटल में 11 साथियों के साथ घेरा था। सिविल लाइन और पंडरी पुलिस ने पांच अगस्त को शीमर्स क्लब के संचालक नितिन मोटवानी और उसके साथी सागर जैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन दो दिन बाद उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। जेल से छूटने के बाद से दोनों गायब है।
सी एम भूपेश ने कहा महादेव सट्टा ऐप वालों पर कार्यवाही हमने की है :
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जुआ खिलाने वाले महादेवबुक ऐप को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने भी केंद्र सरकार पर तंज कस चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि आखिर केंद्र सरकार महादेव बुक ऐप को बंद क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने कहा था कि महादेव सट्टा ऐप वालों पर कार्यवाही हमने की है। पैसे भी जब्त किए, आप (केंद्र) क्या कर रहे हैं?