इस स्कूल के प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ और बदतमीजी करने का लगा आरोप, छात्राओं ने की कार्यवाही की मांग।

गरियाबंद : ग्राम पंचायत मरदाकला स्थित शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य के ऊपर स्कूली छात्राओं ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। वहीं इस मामले में जहां छात्राओं ने कलेक्टर से प्राचार्य के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है, वही प्राचार्य ने आरोप को गलत बताया है। गरियाबंद जिले में 24 घंटे के अंदर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का दूसरा मामला सामने आया है। इस मामले के बाद परिजनों में प्राचार्य के प्रति काफी आक्रोश व्याप्त है।

छेड़छाड़ के मामले में छुरा हॉस्टल संचालक की गिरफ्तारी के बाद आज मंगलवार को गरियाबंद ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मरदाकला स्थित शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य रवि प्रकाश अंगारे के ऊपर स्कूल की छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया है। छात्राओं ने गरियाबंद कलेक्टर को इस हेतु कार्यवाही करने के लिए ज्ञापन सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। वहीं कार्यवाही नहीं होने पर स्कूल मे तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस दौरान छात्राओं के साथ उनके अभिभावक और ग्रामवासी भी मौजूद थे। ग्रामवासी भी इस मुद्दे पर आक्रोशित है।

पीड़ित छात्राओं का कहना है कि प्राचार्य छात्राओं को क्लास रूम से अकेले बुला कर छेड़खानी करते हैं। अकेले में बुलाते हैं और छात्राओं से बदतमीजी भी करते हैं। अभिभावकों और ग्रामवासियों ने छात्राओं की शिकायत को सही बताते हुए कहा कि प्राचार्य के द्वारा बच्चियों को छुट्टी के दिन भी स्कूल बुलाया जाता है उनके मोबाईल नंबर की मांग की जाती है। बच्चों ने आज जब इस बारे में जानकारी दी तब हम सभी मिलकर गरियाबंद कलेक्टर से प्राचार्य को हटाने और उसके खिलाफ कार्यवाही की मांग करने आए हैं। छात्राओं के परिजन इस घटना से काफी आहत है उनका कहना है कि बच्चियां जब स्कूल में ही सुरक्षित नहीं होंगी तो क्या उनकी पढाई बंद करवा दें?

इधर प्राचार्य रवि प्रकाश अंगारे का कहना है कि मेरे खिलाफ लगे सभी आरोप निराधार है। मैं किसी भी जांच के लिए तैयार हूं। मेरे खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाये गए हैं। मामले कलेक्टर ने संज्ञान में लिया है, अभी इस मामले पर कलेक्टर का पक्ष नहीं मिल पाया है।