बच्चों के बदले व्यवहार पर ध्यान दें। MDMA ड्रग्स सप्लायर गिरफ्त में, क्लब व युवक-युवतियों को ड्रग्स करता था सप्लाई, क्या है ये MDMA ड्रग्स जानें?

रायपुर : राजधानी में नशे का कारोबार इस कदर बढ़ रहा है, कि युवा पीढ़ी इसकी गिरफ्त में लगातार आती जा रही है, इसमें सिर्फ युवक ही नहीं बल्कि युवतियों की संख्या भी कम नहीं है, अगर आपके बच्चे का व्यवहार बदला हुआ है तो यह खबर आपके लिये है, पुलिस के छापों में लगातार विविध ड्रग पैडलर पकड़ में आ रहे है, राजधानी के आउटर क्षेत्रों के पब और होटलों में ये ड्रग्स लगातार सप्लाई हो रही है, जहाँ निम्न तबके के लोग गांजे का सेवन कर रहे है, वहीँ उच्च वर्ग के युवा ड्रग्स की गिरफ्त में है, नशा बेहद हानिकारक है, नशे के बाज़ार में रबड़ सोलुशन , बोंफिक्स, कफ सिरप, गांजा , ड्रग्स , नशे के केमिकल , इंजेक्शन और भी ना जाने क्या – क्या उपलब्ध है, रात को जब सब बार बंद हो जाती है फिर भी शराब खरीदने वालों को मिल ही जाती है। प्रशासन अपना काम तो लगातार कर ही रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा जरुरी है, आप अपने बच्चों पर ध्यान दें।

MDMA ड्रग्स सप्लायर को पकड़ा पुलिस ने :

राजधानी में नशे के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एमडीएमए ड्रग्स के साथ ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच ग्राम नशीला पाउडर जब्त किया है। इस ड्रग्स का मात्र पांच ग्राम का रेट नशे के मार्केट में 5000 से 75 हजार रूपये तक है। पुलिस ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि राजेंद्र नगर निवासी आरोपी तस्कर जय राजपाल के बारे में पुलिस की नारकोटिक्स विंग को सूचना मिल रही थी। दरअसल, सूचना के मुताबिक शहर के कई युवक-युवतियां पवन विहार क्षेत्र में देर रात तक देखे जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस की टीम ने पतासाजी की तो उसमें सामने आया कि आरोपी तस्कर से नशे का सामान लेने देर रात तक युवा यहां आते हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दोपहिया वाहन से जाते हुए पकड़ा और तलाशी ली। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से पांच ग्राम नशीला एमडीएमए पाउडर मिला। इसका नशा बेहद ही खतरनाक है।

दिल्ली के दोस्त से लेकर आता था ड्रग्स :

आरोपी से पूछताछ पता चला कि उत्तम नगर दिल्ली निवासी अपने साथी आकाश भारद्वाज से ड्रग्स लेकर रायपुर आता है। मोटी रकम पर यहां के लोगों को सप्लाई करता था। शनिवार को वीआईपी रोड सहित अन्य क्लबों में इसकी सप्लाई करता था। पार्टी और आफ्टर पार्टी में इसके सीधे कई ग्राहक हैं, जहां वह ग्राहकों को सप्लाई करता है। हालांकि पुलिस ने क्लबों के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कई ख़बरों में कुछ क्लब और पबों के नाम सामने आ चुके है। लेकिन जल्द ही उन पर भी कार्यवाही करने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली निवासी आरोपी आकाश भारद्वाज पहले भी ड्रग्स सप्लाई के मामलों में रायपुर के थाना खम्हारडीह और बिलासपुर के कई थानों से जेल जा चुका है। आकाश भारद्वाज इस मामले में फरार है, जिसकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास पुलिस कर रही है।

कितना खतरनाक है ये MDMA ड्रग्स :

नशा छुड़ाने वाले डॉक्टर्स का कहना है कि एमडी (मिथाइलीनडाईऑक्सी मैथाम्फेटामाइन यानी एक्सटैसी) का नशा सिर में चढ़ जाता है। लगातार इसके सेवन से तनाव रहने लगता है। यह नशा करने वाला धीरे-धीरे डिप्रेशन में चला जाता है और बाद में खुदकुशी करने की सोचने लगता है। जीवन में नकारात्मकता आने लगती है। डॉक्टरों का कहना है कि जब नशे के आदि को नशा नहीं मिलता तो वह तड़पने लगता है और किसी भी नशे की ओर आकर्षित होता है, ड्रग्स का सेवन सबसे ज्यादा खतरनाक है, इसके नशे में व्यक्ति अपनी सुध बुध खो देता है

बड़े सेलिब्रिटी भी नहीं बचे इससे :

भाजपा नेता, टिकटॉक स्‍टार और बिग बॉस सीजन-14 की प्रतिभागी रह चुकीं सोनाली फोगाट की हत्‍या के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने उन्‍हें 1.5 ग्राम MDMA ड्रग देने की बात कबूल की थी, इसे ही सोनाली फोगाट की मौत की संभावित वजह माना जा रहा है। यह ड्रग कोई नया नहीं है। इससे पहले भी एमडीएमए का नाम सुशांत सिंह की जांच के दौरान सामने आया था, उस समय रिया चक्रवर्ती के एक वॉट्सऐप चैट में MDMA का जिक्र किया गया था।