रायपुर : पढाई का खर्च वहन करने में जो परिजन सक्षम नहीं होते उनके लिये सरकार छात्रवृत्ति की योजना चलाती है। सत्र 2023-24 के लिए अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के ऑनलाईन आवेदन (नवीन एवं नवीनीकरण) की तिथि 15 सितंबर याने कि आज से शुरू हो रही है। पंजीयन स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही ऑनलाईन ही की जायेगी। इसके लिए वेबसाइट http://postmatric-scholarship.cg.inc.in/ पर 10 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। ड्राफ्ट प्रापोजल लॉक के लिए 15 सितंबर से 17 अक्टूबर और सेन्सन आर्डर लॉक के लिए 15 सितंबर से 20 अक्टूबर तक का समय निर्धारित है। उपरोक्त वेबसाईट से आवेदन किया जा सकता है।
इस संबंध में रायपुर जिला अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कालेज, मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, पालिटेक्निक एवं आइटीआइ आदि के संस्था प्रमुख छात्रवृत्ति प्रभारी एवं उनमें अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते हैं, उन्हें सूचना दी गई है। उन्हें इस वेबसाईट के जरिये अपना आवेदन देना चाहिये।
निर्धारित तिथियों के पश्चात शिक्षा सत्र 2023-24 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाईन आवेदन के लिए पोर्टल बंद कर दिया जायेगा। साथ ही ड्राफ्ट प्रपोजल लाक और सेन्सन आर्डर लॉक करने का अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए सहायक संचालक आदिवासी विकास कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। वहां से सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त हो जायेगी।