शराब पीने के बाद विवाद फिर युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्त पर बीवी से अवैध सम्बन्ध का आरोप, फरार हुए तीन आरोपी गिरफ्त में।

रायपुर : शहर में चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने दावा किया है की कमी आई है, लेकिन फिर कहीं ना कहीं से ये घटनायें सामने लगातार आ रही है, उरला थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक अमन बंजारे की बीते शुक्रवार 15 सितबंर को चाकू मारकर उसके ही साथियों ने हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने युवक अमन बंजारे की हत्या मामले में 3 फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का मास्टर माइंड आरोपी राजू साहू उर्फ गोलू समेत सुनील पाल उर्फ गड्डी और अजय टंडन उर्फ चीची को गिरफ्तार किया गया है। पूरा मामला उरला थाना क्षेत्र के सतनामीपारा की है। पता चला है कि तीन आरोपी को पुलिस ने बेमेतरा के बेरला समेत अलग-अलग जिले से गिरफ्तार किया है।

ये है पूरा मामला :

उरला थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमन बंजारे ने अपने दो साथियों गोलू और एक अन्य के साथ सतनामी मोहल्ला में शराब पी थी। इसके बाद पुरानी बात पर गोलू और अमन के बीच विवाद होने लगा था। विवाद की वजह अवैध संबंध बताई जा रही थी। इस बीच गोलू ने अपने साथी के साथ मिलकर अमन के जांघ और कमर में चाकू से हमला किया था। जिसके बाद मृतक युवक अमन को को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कार्यवाही को लेकर मोहल्ले के लोग आक्रोशित थे।

एक साथ गए थे जेल :

जानकारी के अनुसार मृतक और आरोपी 19 अगस्त को अलग-अलग मामले में जेल गए थे। और हत्या से एक दिन पहले ही आरोपी जेल से छूटकर आए थे। जिसके बाद शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे आरोपियों ने मृतक अमन के साथ शराब पी थी और उसके बाद हत्या कर दी थी। अब आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।