रायपुर : जैसे – जैसे महादेव ऐप के सटोरियों पर शिकंजा कसना शुरू हुआ वैसे ही उससे जुड़े बड़े – बड़े व्यापारियों और नेताओं के नाम सामने आने लगे, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए चर्चित महादेव ऐप से राजधानी से ही 100 से ज्यादा छोटे-बड़े सटोरिये जुड़े हुये हैं। इनमें से बड़े सटोरिये महादेव ऐप की ओर से दुबई में आयोजित पार्टी में शामिल होने गए थे। इनमें से कुछ लोग बुधवार को लौट आए हैं। कुछ लोग वापस नहीं आये हैं। पुलिस ने पार्टी में शामिल होने वालों की लिस्ट बना ली है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही इन लोगों पर भी पुलिस का शिकंजा कसेगा।
खाते वालों को मिलते है इतने रूपये और बनाना पड़ता है नेटवर्क :
महादेव ऐप लाईन लेने वालों को 8 लड़के रखना जरूरी होता है। सभी लड़कों के नए बैंक खाते खुलवाना पड़ता है। इन्हीं बैंक खातों में सट्टे का पैसा आता – जाता रहता है। सट्टे के इस अवैध कारोबार से शहर के 100 से ज्यादा युवक जुड़े हुये हैं। इनके सभी के बैंक खातों में रोज करोड़ों रुपए का आदान-प्रदान हो रहा है। पुलिस इन बैंक खातों पर नजर रख रही है। दूसरी ओर चर्चा है कि सेंट्रल की जांच एजेंसियां भी महादेव एप को लेकर जानकारी जुटा रही है।
पुख्ता सूत्रों के मुताबिक रायपुर में महादेव ऐप का काम देखने वाले के बारे में भी पुलिस को जानकारी मिली है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि सरगना ने रोड सेफ्टी मैच के लिए तगड़ी तैयारी कर रखी है। इसके लिए दूसरे राज्य और शहरों के सटोरियों को बुलाया गया है। और उन्हें किराए का मकान, होटल-लॉज में ठहराया जा रहा है। महादेव ऐप से शहर के कुछ कारोबारी और सफेदपोश भी जुड़े हैं। इनका नाम सामने नहीं आ पा रहा है, लेकिन बताया जाता है कि दुबई की पार्टी में ये सफेदपोश भी गए थे, और ये लोग लौट आए हैं। रायपुर से दुबई जाने वालों की संख्या भी अचानक बढ़ गई है। इनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो बेरोजगार हैं फिर भी हवाई सफर कर रहे हैं। सब पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है।